UP MLC Election Result 2023: गोरखपुर-फैजाबाद खंड का निर्वाचन, बंडल बनाने का काम पूरा, मतगणना शुरू
गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी के लिए डाले गए मतों का बंडल बनाने का काम पूरा हो गया है। टेबल नम्बर 1 4 व 10 पर गिनती भी शुरू हो ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गोरखपुर: गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी के लिए डाले गए मतों का बंडल बनाने का काम पूरा हो गया है। टेबल नम्बर 1, 4 व 10 पर गिनती भी शुरू हो गई है। मतगणना की प्रक्रिया गुरुवार की सुबह आठ बजे से शुरू हो गयी। विजय प्रत्याशी का फैसला होने तक मतगणना जारी रहेगी। मतगणना से आज 24 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।
मतगणना के लिए 14 टेबल बनाए गए
सुबह सात बजे के करीब प्रत्याशियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम का सील खोला गया। मतपेटिकाएं बाहर लाकर उनके सील खोले गए और उनमें पड़े मतों का मिलान किया गया। मतों की छंटाई करने के बाद 50-50 मतों का बंडल बनाया गया। हर टेबल पर एक बार एक हजार मत की गिनती होगी। मतगणना के लिए 14 टेबल बनाए गए हैं। कुल एक लाख आठ हजार 345 मतों की गिनती की जानी है। मतगणना कार्य में चार शिफ्ट में कुल 560 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन कर्मियों को 31 जनवरी को प्रशिक्षण दिया गया।
इस तरह होगी मतगणना
यह मतगणना वरीयता के आधार पर होगी। सबसे पहले प्रथम वरीयता के मदीने जाएंगे। यदि इन मतों की गिनती में कोई प्रत्याशी कुल पड़े वैध मतों के 50 प्रतिशत से एक वोट अधिक पा जाता है तो उसे विजई घोषित कर दिया जाएगा। ऐसा ना होने पर द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती की जाएगी। द्वितीय वरीयता के मत सबसे पहले उस प्रत्याशी के गिने जाते हैं जो सबसे कम मत पाया होता है। उसके मतों की गड्डी निकालकर उसका नाम हटा दिया जाता है। उन मतपत्रों में द्वितीय वरीयता का मत जिन प्रत्याशियों को मिला होता है उनके खाते में जोड़ दिया जाता है। नीचे से प्रत्याशियों को मतगणना से अलग करने का यह सिलसिला विजय के लिए जरूरी मतों का आंकड़ा पूरा होने तक जारी रहता है। यदि टक्कर कांटे की होती है तो अंत में जो प्रत्याशी बचता है उसे विजई घोषित कर दिया जाता है।
निरीक्षण करते रहे आरओ
चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ)/ मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी सुबह ही मतगणना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अजय कांत सैनी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सिंह कर साथ तैयारियों का जायजा लिया। मतगणना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।