गोरखपुर में सपा का 'दांव', कांग्रेस को थमाई खजनी, बांसगांव पर पेंच!
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए गोरखपुर में चार सीटों की मांग की थी, लेकिन सपा केवल दो सीटें देने को तैयार है, जिसमें खजनी सीट भी शामिल है जिसे कांग्रेस नहीं लड़ना चाहती। पार्टी कैंपियरगंज या सहजनवा और बांसगांव पर अड़ी है।

कांग्रेस ने मांगी थी चार सीट, मिल रही है सिर्फ दो। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
कांग्रेस ने गोरखपुर में चार विधानसभा सीटों की मांग की थी।
सपा केवल दो सीटें दे रही, खजनी सीट कांग्रेस को मंजूर नहीं।
कांग्रेस कैंपियरगंज, सहजनवा या बांसगांव सीट पर अड़ी हुई है।
दुर्गेश त्रिपाठी, गोरखपुर। सपा के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रही कांग्रेस को झटका लगा है। विधानसभा चुनाव में जिले की नौ सीटों में से कांग्रेस ने चार की मांग की थी लेकिन अभी सपा दो से ज्यादा सीट देने के लिए तैयार नहीं है। हैरानी की बात यह है कि कांग्रेस ने खजनी सुरक्षित विधानसभा सीट मांगी ही नहीं थी लेकिन सपा उसे यह सीट दे रही है।
कांग्रेस खजनी सीट पर चुनाव नहीं लड़ना चाहती है। उसे कम से कम तीन सीट चाहिए। इनमें कैंपियरगंज या सहजनवा में से एक और बांसगांव सीट शामिल है। बांसगांव सीट से पूर्व मंत्री सदल प्रसाद दावेदारी कर रहे हैं। कांग्रेस इस सीट पर हर हाल में लड़ना चाहती है।
वर्ष 2017 में कांग्रेस व सपा का गठबंधन हुआ था। तब तीन सीटें कांग्रेस को मिली थीं। इनमें गोरखपुर शहर, कैंपियरगंज और खजनी शामिल थीं। सपा इस बार कांग्रेस को शहर और खजनी विधानसभा सीट ही देने को तैयार है।
वर्ष 2017 में खजनी में दोनों पार्टी लड़ी थीं
वर्ष 2017 में जब कांग्रेस का सपा के साथ गठबंधन हुआ था तब खजनी सुरक्षित विधानसभा सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। कांग्रेस ने पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो को प्रत्याशी बनाया था लेकिन सपा संगठन ने विद्रोह कर रूपावती बेलदार को भी मैदान में उतार दिया था। तब कांग्रेस नेतृत्व ने खजनी से टिकट वापस लेने की कोशिश की थी लेकिन प्रत्याशी ने इन्कार कर दिया। हालांकि कमांडो पांचवें नंबर पर थे। उन्हें सिर्फ 4653 वोट ही मिले थे। वह निषाद पार्टी से भी काफी कम वोट पाए थे।
कांग्रेस ने यह सीट मांगी थी
बांसगांव सुरक्षित, शहर, खजनी और कैंपियरगंज विधानसभा सीट। शहर और कैंपियरगंज में पार्टी दूसरे नंबर पर थी लेकिन खजनी विधानसभा में पार्टी पांचवें नंबर पर पहुंच गई थी। यहां पार्टी की जमानत भी जब्त हो गई थी।
2017 में यह था तीन विधानसभा का परिणाम
शहर- भाजपा के डा. राधा मोहन दास अग्रवाल को 122221 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर कांग्रेस व सपा गठबंधन के प्रत्याशी राणा राहुल सिंह थे। उनको 61491 वोट मिले थे।कैंपियरगंज- भाजपा के फतेह बहादुर सिंह को 91636 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर कांग्रेस व सपा गठबंधन की प्रत्याशी चिंता यादव थीं। उनकों 58782 वोट मिले थे।
खजनी- भाजपा के संत प्रसाद को 71492 वोट मिले थे। यहां बसपा दूसरे नंबर पर थी। कांग्रेस के कमांडो कमल किशोर पांचवें नंबर पर थे। इनको सिर्फ 4653 वोट मिले थे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, सीओ कैंट को सौंपी गई जांच
वर्ष 2022 अपने दम पर लड़ी थी कांग्रेस, बुरी तरह परास्त हुई थी
वर्ष 2022 में कांग्रेस अपने दम पर विधानसभा चुनाव में उतरी थी। तब पार्टी को जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। शहर विधानसभा सीट से चेतना पांडेय, ग्रामीण से देवेंद्र निषाद, पिपराइच से सुमन चौधरी, कैंपियरगंज से सुरेंद्र निषाद, चिल्लूपार से सोनिया शुक्ल, सहजनवा से मनोज यादव, खजनी से रजनी, चौरी चौरा से जितेंद्र पांडेय और बांसगांव से पूनम आजाद मैदान में उतरी थीं। सभी बुरी तरह हारे थे। सभी नौ विधानसभा सीटों को मिलाकर पार्टी को 20 हजार वोट भी नहीं मिल सके थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।