गोरखपुर में पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, सीओ कैंट को सौंपी गई जांच
गोरखपुर में एक पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। सीओ कैंट अरुण कुमार एस मामले की जांच कर रहे हैं, जबकि पीड़िता ने एफआईआर दर्ज न होने पर थाने में हंगामा भी किया था।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप।
पीड़िता ने रामगढ़ताल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
सीओ कैंट अरुण कुमार एस मामले की जांच कर रहे।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूर्व सांसद पर युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले की जांच सीओ कैंट कर रहे हैं। पीड़ित ने रामगढ़ताल थाने में शिकायत की है। मुकदमा दर्ज न होने पर दो दिन पहले उसने थाने में हंगामा भी किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तारामंडल क्षेत्र की एक फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली युवती ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पूर्व सांसद ने उसे शादी का भरोसा दिलाया था। इसी बहाने अलग-अलग मौकों पर होटल ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का दावा है कि शादी का भरोसा दिलाने के लिए उसे मंदिर भी ले जाया गया और लगातार विवाह का आश्वासन दिया जाता रहा। युवती के मुताबिक, पहले पूर्व सांसद शादी का भरोसा देते रहे, लेकिन अब दूरी बना रहे हैं। फोन करने पर पार्टी के काम से बाहर होने का हवाला देकर बातचीत समाप्त कर देते हैं।
युवती का आरोप है कि लगातार संपर्क करने के प्रयास के बाद भी जब उसे कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला तो उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डा. कौस्तुभ ने सीओ कैंट अरुण कुमार एस की निगरानी में जांच के निर्देश दिए हैं। युवती को पुलिस ने बयान के लिए बुलाया है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि शिकायतकर्ता को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। आरोप की जांच कराई जा रही है। साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में राप्ती नदी के तट पर एक लाख दीपों से जगमगाया 'देवलोक'
इंटरनेट मीडिया पर शेयर हो रहे पोस्ट:
पूर्व सांसद पर दुष्कर्म का आरोप लगने का मामला सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर मंगलवार को पूरे दिन अलग-अलग पोस्ट शेयर होते रहे। कुछ लोग नाम पूछ रहे थे तो कई पुलिस से अपील कर रहे थे कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।