विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में राप्ती नदी के तट पर एक लाख दीपों से जगमगाया 'देवलोक'

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:55 PM (IST)

गोरखपुर के गुरु गोरक्षनाथ घाट पर दैनिक जागरण के दिव्य दीपोत्सव में राप्ती नदी के किनारे एक लाख दीप जलाए गए। सांसद रविकिशन शुक्ल ने पहला दीप प्रज्ज्वलित किया, जिससे पूरा घाट भक्ति और अध्यात्म के रंग में रंग गया।

देव दीपावली के अवसर पर दैनिक जागरण की ओर से गुरु गोरक्षनाथ घाट पर आयोजित दीपोत्सव के दौरान जगमग घाट। संगम दूबे

देव दीपावली के अवसर पर दैनिक जागरण की ओर से गुरु गोरक्षनाथ घाट पर आयोजित दीपोत्सव के दौरान जगमग घाट। संगम दूबे

आशुतोष मिश्र, गोरखपुर। एक ओर मां अचिरावती (राप्ती) की शांत, अविरल जलधारा और दूसरी ओर जन-आस्था का अथाह, भावविभोर कर देने वाला प्रवाह। नदी में उठती चंचल लहरों की भांति गुरु गोरक्षनाथ घाट पर उपस्थित हर हृदय में श्रद्धा और उमंग की हिलोरें साफ महसूस हो रही हैं। घाट के पग-पग पर आत्मीय उल्लास है और डग-डग पर सनातन संस्कृति का अनुपम रंग।

गोधूलि बेला की लालिमा के बीच हिलोरें मारता यह उत्साह शाम लगभग पांच बजे तब अपने चरम पर पहुंच जाता है, जब सांसद रविकिशन शुक्ल दैनिक जागरण के दिव्य दीपोत्सव का पहला दीप जलाते हैं। देखते ही देखते, मानो किसी जादुई स्पर्श से कुछ ही क्षणों में एक लाख दीपों के स्वर्णिम आलोक से राप्ती का पूरा आंचल जगमगा उठता है। यह विहंगम और अलौकिक दृश्य देख ऐसा प्रतीत होता है मानो कार्तिक पूर्णिमा की इस पावन निशा में गोरखपुर की गंगा का शृंगार करने स्वयं देवलोक के नक्षत्र धरा पर उतर आए हों।

अनगिनत रश्मियों से झिलमिलाता राप्ती का जल देव दीपावली के इस महापर्व को एक आध्यात्मिक और दिव्य स्वरूप प्रदान कर रहा है। घाट पर मौजूद हर आंख इस नयनाभिराम छटा को अपने अंतर्मन और कैमरे में हमेशा के लिए संजो लेने को आतुर दिखती है।

कोई दीपों की जगमगाती शृंखला के बीच अपनों संग मुस्कुराते हुए सेल्फी ले रहा है, तो कोई मोबाइल फोन में वीडियो रिकार्ड कर इस ऐतिहासिक व भावुक क्षण का साक्षी बन रहा है। उल्लास की इस पावन ऊर्जा में समय मानो पंख लगाकर उड़ रहा है। घड़ी की सुइयां सवा छह पर पहुंचती हैं और महाआरती के मंगल शंखनाद के साथ ही लोक का यह उत्सव पूरी तरह भक्ति और अध्यात्म के रंग में रंग जाता है।

श्रद्धा का ज्वार ऐसा उमड़ता है कि आम से लेकर खास तक, हर कोई भक्तिभाव के सागर में सराबोर हो जाता है। गंगा स्वरूपा मां राप्ती से लेकर देवाधिदेव महादेव तक के गगनभेदी जयकारों से पूरा तट गुंजायमान हो उठता है। जगमग दीपों की लौ के बीच आस्था के साथ-साथ परम आनंद भी धरा पर उतर आता है।

कोई दीपों से सजे महादेव के मंदिर के समक्ष भावविभोर होकर नतमस्तक है, तो कोई भोले भंडारी की भव्य प्रतिमा के सम्मुख दीपदान कर अपने परिवार और समाज के मंगल की कामना कर रहा है। सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर नया कीर्तिमान रचने वाली यह भीड़ उत्सवी उल्लास के बीच अपने शहर की इस गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत पर गर्व की अनुभूति में डूबी नजर आती है।

यह भी पढ़ें- देव दीपावली के साथ लखनऊ में ऐतिहासिक कतकी मेला शुरू, गोमती तट पर झूलेलाल पार्क में सज गईं दुकानें

गोरखपुरवासियों के प्रेम और समर्पण से रचे जा रहे इस सुनहरे इतिहास के साक्षी डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल और सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ल भी बनते हैं। इस अद्भुत आयोजन और अभूतपूर्व जनसहभागिता से अभिभूत अतिथि दैनिक जागरण के इस सांस्कृतिक पुनर्जागरण अभियान की मुक्तकंठ से सराहना करते हैं।

रात अब गहराने लगी है, लेकिन घाट की सीढ़ियों से लेकर नदी की लहरों पर तैरते दीपों की आभा रंचमात्र भी कम होने का नाम नहीं ले रही। भीड़ छंटने के बजाय बढ़ती ही जा रही है, क्योंकि जो इस अलौकिक छटा को निहार कर अकेले घर जा रहा है, वह अपने परिवार और परिचितों को भी इस दिव्य अनुभूति का हिस्सा बनाने के लिए साथ लेकर लौट रहा है।

यह भी पढ़ें- देव दीपावली पर काशी व‍िश्‍वनाथ मंद‍िर की तस्‍वीरें हुईं वायरल, मन मोह लेगा काशी का नजारा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।