देव दीपावली के साथ लखनऊ में ऐतिहासिक कतकी मेला शुरू, गोमती तट पर झूलेलाल पार्क में सज गईं दुकानें
देव दीपावली और गंगा स्नान के उल्लास के साथ लखनऊ का ऐतिहासिक कतकी मेला झूलेलाल पार्क में शुरू हो गया है। यह सवा महीने तक चलेगा, जिसमें खरीदारी और मनोरंजन के साथ अवध की गंगा-जमुनी तहजीब की झलक दिखेगी।

मेलें में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची फोटो जागरण
HighLights
देव दीपावली और गंगा स्नान के साथ मेले का शुभारंभ।
झूलेलाल पार्क में सवा महीने तक चलेगा यह ऐतिहासिक मेला।
खरीदारी, मनोरंजन और अवध की गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। गंगा स्नान और देव दीपावली के उल्लास के साथ मंगलवार को राजधानी का ऐतिहासिक कतकी मेला भी शुरू हो गया। गोमती तट स्थित झूलेलाल पार्क में मेले के लिए दुकानें सज गई हैं। करीब सवा महीने तक चलने वाले इस मेले में खरीदारी के साथ मनोरंजन का भी आकर्षण रहेगा। यहां क्रॉकरी, स्टील और पीतल के बर्तनों से लेकर रसोई के सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खिलौने और सजावटी सामान तक उपलब्ध हैं।
नवाबी दौर से जुड़ी इस मेले की परंपरा राजधानी की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा रही है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के अवसर पर लगने वाले मेलों की परंपरा से इसका जुड़ाव रहा है। पहले ग्रामीण क्षेत्रों से लोग स्नान और धार्मिक आयोजनों के लिए आते थे और साथ में जरूरत के सामान की खरीदारी भी करते थे। धीरे-धीरे यह आयोजन बड़े व्यापारिक और पारिवारिक मेले के रूप में विकसित हो गया। आज भी कतकी मेला की यादों और बदलते बाजार के बीच अपनी पहचान बनाए हुए है।
नवाबों ने छोटे दुकानदारों और मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कारीगरों को एक स्थान पर दुकान लगाने की सुविधा दी थी। यह मेला महिलाओं की खरीदारी के लिए भी खास माना जाता था और पहले देर रात तक इसकी रौनक रहती थी। डालीगंज पुल और सूरजकुंड से शुरू हुई मेले की परंपरा अब झूलेलाल पार्क तक पहुंच गई है।
हिंदू-मुस्लिम दुकानदारों की साझा भागीदारी इसे अवध की गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बनाती है। कुड़िया घाट, झूलेलाल समेत गोमती के घाटों पर श्रद्धालुओं ने स्नान दान किया और शाम को दीपक जलाए। मनकामेश्वर उपवन घाट पर आरती हुईं। 11 मंचों पर महंत देव्या गिरि ने आरती कराई। खतरा के शिव मंदिर घाट पर धनंजय द्विवेदी की ओर से आरती की गईं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।