विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीरनगर में पूर्व सांसद शरद कुमार त्रिपाठी का लाइसेंसी रिवॉल्वर चोरी, अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:27 PM (GMT+05:30)

संतकबीरनगर के पूर्व सांसद शरद कुमार त्रिपाठी का लाइसेंसी .32 बोर का रिवॉल्वर उनके पैतृक आवास से गायब हो गया है।   

संतकबीरनगर में पूर्व सांसद शरद कुमार त्रिपाठी की फाइल फोटो। (तस्वीर- सोशल मीडिया एक्स)

संतकबीरनगर में पूर्व सांसद शरद कुमार त्रिपाठी की फाइल फोटो। (तस्वीर- सोशल मीडिया एक्स)

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। संतकबीरनगर के पूर्व सांसद स्वर्गीय शरद कुमार त्रिपाठी का लाइसेंसी .32 बोर का रिवॉल्वर उनके पैतृक आवास से गायब हो गया।

काफी तलाश के बाद भी रिवॉल्वर का पता नहीं चलने पर उनके बड़े बेटे मृगेंद्र राम त्रिपाठी ने रविवार को खजनी थाने में तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आशंका जताई है कि रिवॉल्वर किसी असामाजिक तत्व के हाथ लग गई तो उसका दुरुपयोग हो सकता है।

झुड़िया गांव निवासी मृगेंद्र राम त्रिपाठी ने खजनी थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पूर्व सांसद शरद कुमार त्रिपाठी के वारिस हैं। उनके पिता के नाम जिलाधिकारी, गोरखपुर की ओर से .32 बोर की रिवॉल्वर का शस्त्र लाइसेंस जारी किया गया था। लाइसेंस पर रिवॉल्वर का नंबर एफजी-13966/32 दर्ज है। पूर्व सांसद का निधन 30 जून, 2021 को हो गया था।

इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उनके निजी सामान और जरूरी दस्तावेजों की छानबीन की तो शस्त्र लाइसेंस की मूल पुस्तिका मिल गई, लेकिन उस पर दर्ज रिवॉल्वर नहीं मिला। परिजनों ने रिवॉल्वर की तलाश घर, अलमारी और बैंक लाकर में की।

पूर्व परिचित गन हाउस में भी पता लगाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। करीब चार साल तक तलाश के बाद भी रिवॉल्वर नहीं मिलने पर परिवार ने पुलिस से शिकायत की। तहरीर में आशंका जताई गई कि रिवॉल्वर किसी असामाजिक तत्व के हाथ लग सकती है और उसका इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया जा सकता है।

एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिवॉल्वर कब और किस परिस्थितियों में गायब हुआ।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।