UP Election 2022: शिवराज सिंह चौहान ने अखिलेश यादव को बताया आज का औरंगजेब, बोले- रामभक्तों की हत्यारी है उनकी पार्टी
UP Election 2022 मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को देवरिया में चुनावी सभा में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि सपा के राज में रोज दंगे होते थे योगी सरकार ने गुंडो को बिल में घुसा दिया।

देवरिया, जागरण संवाददाता। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 20 फरवरी को देवरिया में चुनावी जनसभा में समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव आज के औरंगजेब हैं। जो अपने बाप का नहीं हुआ, वह आपका क्या होगा। यह मैं नहीं कह रहा। यह नेताजी मुलायम सिंह यादव ने कहा था। औरंगजेब ने भी यही किया था। अपने बाप शाहजहां को जेल में बंद कर दिया। भाइयों का कत्ल किया। अखिलेश यादव आज के औरंगजेब हैं। मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि आजतक दुनिया में इतना अपमान किसी ने नहीं किया, जितनी अखिलेश ने किया।
खून से रंगे हैं उनके हाथ
शिवराज सिंह चौहान श्रीनारायण प्रसाद शाही इंटर कालेज बरियारपुर के मैदान में रामपुर कारखाना से भाजपा प्रत्याशी सुरेन्द्र चौरसिया के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थी। ये रामभक्तों के हत्यारे हैं। इनके हाथ खून से रंगे हैं। इनकी सरकार में दंगे हुए। अत्याचार था, अन्याय था। तमाम लोगों की जान गई। आज देश-प्रदेश का कल्याण मोदी और योगी कर रहे हैं। योगी ने यूपी में आतंक का सर्वनाश किया। गुंडों को जेल भेजा या बिल में घुसा दिया। जनता के हित का शोषण करने वाले पनाह मांग रहे हैं।
सपा सरकार में नहीं था मां बहनों का सम्मान
कहा कि सपा सरकार में घोटाले हुए। मां-बहनों का सम्मान नहीं था। वह यूपी का भला कभी नहीं कर सकते। सपा का मतलब सारा परिवार। पूरी खानदान पदों पर बैठी है। उन्होंने जनता से पूछा-बताओ यह यूपी को खा गए कि नहीं। यह परिवारवादी लाेग यूपी की सेवा कर सकते हैं क्या? मैं सवाल करता हूं। वह बताएं कि अहमदाबाद बम ब्लास्ट में शामिल आतंकी मो.सैफ से क़्या संबंध है। 2012 में दर्ज आतंकी मामलों को क्यों वापस लिया। सपा की सरकार बनने पर लखनऊ व अयोध्या में दंगाइयों को क्यों रिहा किया गया। रामपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमला करने वालों को क्यों संरक्षण दिया गया।
अधर्म का नाश करने आए हैं मोदी और योगी
उन्होंने कहा कि मोदी व योगी की जोड़ी भगवान की कृपा से मिलती है। भगवान श्री कृष्ण ने गीता में कहा है कि जब-जब अधर्म बढ़ेगा, पाप बढेगा, अन्याय व अत्याचार बढ़ेगा। तब-तब धर्म की रक्षा व अधर्म के नाश के लिए धरती पर जन्म लूंगा, आऊंगा। इसलिए मोदी व योगी आए। मोदी के नेतृत्व में गौरवशाली, संपन्न, शक्तिशाली व अद्भुत भारत का निर्माण हो रहा है। पांच साल में यूपी में विकास की गंगा बही। 25 से अधिक मेडिकल कालेज, गोरखपुर में एम्स, दस विश्वविद्यालय, 51 महाविद्यालय व अन्य कालेज खोले गए। कांग्रेस के शासनकाल में भारत की पहचान भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचारी की रही। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री अरविन्द मेनन, राज्य सभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह, जिलाप्रभारी सुनील गुप्ता, प्रत्याशी सुरेन्द्र चौरसिया, विशंभर मिश्र, गंगा कुशवाहा, शशांक मणि त्रिपाठी, राजेंद्र मल्ल, उपेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।
अखिलेश के बाबा वाले बयान पर किया कटाक्ष
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिए जा रहे अखिलेश यादव के बाबा वाले बयान पर कटाक्ष किया। कहा कि अखिलेश जी क्या आप बाबा का मतलब जानते हैं। मैं बताता हूं। बी मतलब ब्रेव यानी निडर, बाहुबलियों का अंत करने वाला, ए माने एक्टिव यानी सक्रिय-दिनरात जनसेवा में समर्पित, बी मानें ब्रिलिएंट यानी कुशाग्र बुद्धि-फटाफट फैसले लेने वाला, ए माने एटेंटिव यानी सतर्क-जनता के रखवाले। यूपी में योगी ही उपयोगी हैं।
फ्लाप फिल्मों के डायरेक्टर हैं अखिलेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां पांव पड़े अखिलेश के, तहां-तहां बंटाधार। वह फ्लाप फिल्मों के डायरेक्टर हैं। राहुल से समझौता किया तो जनता ने सबक सिखाया। फिर बुआ-बबुआ साथ आए तो बुआ ऐसी भागीं कि पलट कर अखिलेश को देखा तक नहीं। अब अखिलेश ने जयंत चौधरी को पकड़ा है। दो लड़के दोनों कड़के। जयंत चौधरी की फिल्म चलने से पहले ही पिट गई। सपा, बसपा व कांग्रेस एक-दूसरे के पीछे पड़ी है।
भोजपुरी में बोले, मामा का जोड़ा रिश्ता
मुख्यंत्री ने अपनी बात भोजपुरी में शुरू की। उन्होंने कहा कि रउवा सबही लोगन के राम-राम करत बानी। उत्तर प्रदेश की धरती पर रउआ सबे के बीच आवे के सौभाग्य मिलल बा। हम मध्यप्रदेश के मामा बानी त रउवा लोगन के भी मामा बानी। हम मध्यप्रदेश से खाली हाथ नइखी आइल, आठ करोड़ मध्यप्रदेश के लोगन के शुभकामना लेकर आइल बानी कि रउवा सब के बढ़न्ती होखे, कल्याण होखे। ई तबे संभव बा, जब मोदी जी के देश में और योगी जी क प्रदेश में सरकार रही। इस क्षेत्र की भटनी चीनी मिल चलेगी या नई चीनी मिल स्थापित हाेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।