गोरखपुर विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, अब 17 को आएगी मतदाता सूची
गोरखपुर में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं, जहां मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का आलेख प्रकाशन ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन अब 17 नवंबर को होगा।
राजनीतिक दलों के साथ चुनावी तैयारियों पर महत्वपूर्ण बैठक हुई।
ईवीएम वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच का ब्योरा साझा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय ने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, मतदेय स्थलों के संभाजन और नए मतदेय स्थलों के प्रस्ताव पर काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें चुनावी तैयारियों की जानकारी देने के साथ मतदाता सूची के आलेख प्रकाशन की नई तारीख घोषित की गई।
बैठक में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन अब 12 नवंबर के स्थान पर 17 नवंबर को होगा। हालांकि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अन्य कार्य पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही जारी रहेंगे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली निर्वाचक नामावली के आधार पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की ओर से तैयार की जाने वाली सूची उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का ब्योरा भी राजनीतिक दलों को सौंपा गया। इसके अलावा मतदेय स्थलों और मतगणना केंद्रों से संबंधित सूची उपलब्ध कराई गई। जांच में सही पाई गईं और खारिज की गईं मशीनों की अलग-अलग सूची देकर पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बैठक में भाजपा, कांग्रेस, अपना दल (एस), समाजवादी पार्टी और सीपीआइएम के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
जांच में 5600 बैलेट यूनिट और 5600 कंट्रोल यूनिट मिलीं सही
ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के बाद सही और खारिज मशीनों का विवरण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया गया। जांच में 5600 बैलेट यूनिट (बीयू), 5600 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 5586 वीवीपैट मशीनें सही पाई गईं। वहीं, 188 बैलेट यूनिट, 280 कंट्रोल यूनिट और 283 वीवीपैट मशीनें जांच में सही नहीं मिलीं अथवा खारिज कर दी गईं।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को दिए निर्देश- जनता की शिकायतों का तुरंत करें समाधान
यह भी पढ़ें- छठ मनाने के लिए दिल्ली जाना आसान, बरेली से चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें; देखें टाइमिंग और हॉल्ट स्टेशन
राजनीतिक दलों को मशीनों की सूची के साथ कंट्रोल यूनिट नंबर और पिंक पेपर सील नंबर से संबंधित रजिस्टर की छायाप्रति भी सौंपी गई। इससे मशीनों की पहचान और जांच से संबंधित अभिलेखों का मिलान किया जा सकेगा। निर्वाचन कार्यालय ने ईवीएम, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट के अलग-अलग आंकड़े उपलब्ध कराकर राजनीतिक दलों को जांच प्रक्रिया से अवगत कराया।