Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आज गोरखपुर में विवाह बंधन में बंधेंगे 1192 जोड़े

    By Pradeep SrivastavaEdited By:
    Updated: Mon, 28 Nov 2022 07:03 AM (IST)

    गोरखपुर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में 1192 जोड़ों को सामूहिक विवाह होगा। इनमें 31 जोड़े मुस्लिम समाज से हैं। निकाह कराने के लिए पांच मौलवी एवं विवाह कराने के लिए 15 पंडित उपस्थित रहेंगे।

    Hero Image
    गोरखपुर में सोमवार को सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन होगा। - प्रतीकात्मक तस्वीर

    गोरखपुर, जागरण संवाददाता। चंपा देवी पार्क में सोमवार को आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 1192 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम में करीब एक घंटे तक उपस्थित रहकर मुख्यमंत्री नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    31 मुस्लिम जोड़े भी बंधेंगे विवाह बंधन में

    समाज कल्याण विभाग ने विभिन्न ब्लाकों से सत्यापन के बाद 1192 जोड़ों को सामूहिक विवाह के लिए चयनित किया है। इनमें 31 जोड़े मुस्लिम समाज से हैं। निकाह कराने के लिए पांच मौलवी एवं विवाह कराने के लिए 15 पंडित उपस्थित रहेंगे। सामूहिक विवाह स्थल पर 250 से अधिक बेदी बनाई गई है। एक बेदी पर चार जोड़ों का विवाह होगा। सभी जोड़ों को सुबह आठ बजे विवाह स्थल पर बुलाया गया है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में आने वाले जोड़ों एवं उनके स्वजन के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई है। अधिक संख्या को देखते हुए भोजन के लिए 15 काउंटर बनाए गए हैं।

    अधिकारियों ने किया तैयारियों का निरीक्षण

    सामूहिक विवाह के लिए शनिवार की शाम से टेंट लगाया जा रहा है। रविवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के लिए बन रहे मंच पर सभी तैयारियां देखी गईं। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर उपस्थित रहने वाले लोगों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी जोड़ों एवं उनके स्वजन से सुबह आठ बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की है।

    आज आगरा के लिए रवाना होंगे मुख्यमंत्री

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद गुरुद्वारा जटाशंकर जाएंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। गुरुद्वारा से मुख्यमंत्री चंपा देवी पार्क स्थित सामूहिक विवाह स्थल पहुंचेंगे। करीब एक घंटे तक वहां रहने के बाद आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे।