UP में शराब तस्करी सिंडिकेट पर एसटीएफ का शिकंजा, पटना-अंबाला में दबिश की तैयारी
एसटीएफ और खोराबार पुलिस ने गोरखपुर में फर्जी ई-वे बिल के सहारे ले जाई जा रही 2865 लीटर अवैध शराब ...और पढ़ें

HighLights
गोरखपुर में 2865 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद।
फर्जी ई-वे बिल पर फिनायल बताकर हो रही थी तस्करी।
एसटीएफ पटना, अंबाला में सिंडिकेट की तलाश में।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। फर्जी ई-वे बिल और बिल्टियों के सहारे फिनायल के नाम पर हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही शराब की खेप पकड़े जाने के बाद तस्करी के सिंडिकेट की तलाश तेज हो गई है। एसटीएफ और खोराबार पुलिस की संयुक्त टीमें अब इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए बिहार के पटना और हरियाणा के अंबाला में दबिश देंगी।
गिरफ्तार चालक थानाराम से पूछताछ में पटना के शिवन सिंह और अनिल बायतू के नाम सामने आए हैं। दोनों आरोपित अभी फरार हैं। मंगलवार दोपहर बाद चालक को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
एसटीएफ गोरखपुर और खोराबार पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 2865 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की थी। शराब की खेप हरियाणा से पटना ले जाई जा रही थी। तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों को चकमा देने के लिए फर्जी ई-वे बिल में माल को फिनायल दर्शाया था। इसके अलावा दो फर्जी बिल्टियां भी तैयार की गई थीं। कंटेनर से पार्टी स्पेशल और स्टार गोल्ड ब्रांड की शराब बरामद हुई थी।
पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर निवासी चालक थानाराम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चालक ने पटना के शिवन सिंह और अनिल बायतू का नाम लिया। उसने बताया कि अंबाला की फैक्ट्री से शराब भेजने वाले ने दोनों का नाम दिया था। चालक ने बताया कि एक चक्कर लगाने पर उसे खर्च के अलावा 10 हजार रुपये मिलते थे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर के पहले नेत्र सर्जन डॉ. नरेंद्र मोहन सेठ का निधन, चिकित्सा सेवा का एक युग समाप्त
अब एसटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके कहने पर तैयार कराई गई और पटना में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता है इसके लिए पटना और अंबाला में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी है।
जांच का एक अहम पहलू चालक के पास से मिले अनिल बायतू के मोबाइल नंबर का है। एसटीएफ इस नंबर की काल डिटेल रिकार्ड खंगालकर उससे संपर्क में रहने वाले लोगों की पहचान करेगी।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में असुरक्षित महसूस हो रहा था गोरक्षनाथ घाट का मुख्य द्वार, अब बन रहा कंक्रीट का नया गेट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।