Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केदारनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे सपा नेता, प्रशासन बोला अनुमति नहीं

    Updated: Wed, 10 Sep 2025 03:20 PM (IST)

    सपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 11 सितंबर 2025 को गोरखपुर पहुंचेगा। यह दल पूर्व विधायक केदारनाथ सिंह सैंथवार की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेगा और उनके परिवार से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में जेल में बंद भोलेन्द्र सिंह से भी मुलाकात करेगा। प्रशासन ने प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी है और भोलेंद्र सिंह ने सपा नेताओं से मिलने से मना कर दिया है।

    Hero Image
    केदारनाथ की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे सपा नेता। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 11 सितंबर, 2025 को पार्टी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल गोरखपुर पहुंचेगा। यह प्रतिनिधिमंडल पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक स्व. केदारनाथ सिंह सैंथवार की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेगा और उनके परिवार से शिष्टाचार भेंट करेगा। साथ ही प्रतिनिधिमंडल जिला जेल जाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में वहां बंद भोलेन्द्र सिंह से मुलाकात करेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जिला प्रशासन का कहना है कि जहां स्व. केदारनाथ सिंह सैंथवार की प्रतिमा है, वह निजी परिसर है। सपा प्रतिनिधिमंडल को वहां किसी भी कार्यक्रम के लिए स्वीकृति नहीं दी जा सकती। उधर, भोलेंद्र सिंह ने जेल अधीक्षक को पत्र लिखकर सिर्फ नौ लोगों से ही मिलने की इच्छा जताई है। ये सभी नाम परिवार और नजदीकी लोगों के हैं। इसमें सपा प्रतिनिधिमंडल के किसी नेता का नाम नहीं शामिल है।

    समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार बदले की भावना से स्व. सैंथवार की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करना चाहती है। इस संवेदनशील मुद्दे की जानकारी और स्थिति का आकलन करने के लिए ही प्रतिनिधिमंडल गोरखपुर आ रहा है।

    दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल अपनी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को सौंपेगा। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय की अध्यक्षता वाले इस प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम, सांसद राम प्रसाद चौधरी, रामभुआल निषाद, पूर्व सभापति विधान परिषद गणेश शंकर पाण्डेय, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव और यशपाल सिंह रावत, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कृष्णभान सिंह उर्फ किसान सिंह सैंथवार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धनंजय सिंह सैंथवार, महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी और गोरखपुर शहर विधानसभा अध्यक्ष जितेन्द्र श्रीवास्तव शामिल हैं।

    यह भी पढ़ें- UP में दफ्तरों और स्कूलों में बिना हेलमेट के प्रवेश पर रोक, प्रशासन ने बढ़ाई सख्ती

    स्व. केदारनाथ सिंह की जहां प्रतिमा लगी है, वह निजी परिसर है। ऐसे में प्रशासन वहां सपा प्रतिनिधिमंडल को किसी भी तरह का कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दे सकता। जिला जेल में बंद भोलेंद्र सिंह ने सपा प्रतिनिधिमंडल से मिलने से इनकार कर दिया है। - दीपक मीणा, डीएम