गोरखपुर में सिक्स लेन फ्लाईओवर बनाने की तैयारी, 550 करोड़ रुपये खर्च कर बनेगा 2.23 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर
Six Lane Flyover in Gorakhpur गोरखपुर के ट्रांसपोर्टनगर चौराहा से देवरिया बाईपास तिराहा होते हुए पैडलेगंज तक करीब 2.23 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन फ्लाईओवर बनाने की तैयारी चल रही है। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।

गोरखपुर, उमेश पाठक। गाेरखपुर शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रांसपोर्टनगर चौराहा से देवरिया बाईपास तिराहा होते हुए पैडलेगंज की ओर (मुख्य सड़क पर आखिरी पेट्रोलपंप के पास) सिक्सलेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। करीब 2.23 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर का प्रस्ताव भेज दिया गया है। इसके साथ ही देवरिया बाईपास तिराहा पर करीब 434 मीटर फोरलेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इससे देवरिया बाईपास को जोड़ा जाएगा। दोनों परियोजनाओं पर करीब 550 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) भी शासन को प्रेषित की जा चुकी है। जल्द ही प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाने की उम्मीद है।
नौसढ़ से पैडलेगंज तक बन रही सिक्सलेन सड़क
ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज तक जाम के कारण आवागमन प्रभावित रहता है। इस समस्या से निजात के लिए पहले नौसढ़ से पैडलेगंज तक सड़क को सिक्सलेन बनाने का प्रस्ताव पास किया गया। इसपर काम चल रहा है। इसी के साथ फ्लाईओवर बनाने पर भी मंथन चल रहा था। सिक्स लेन व फोर लेन फ्लाईओवर को लेकर असमंजस की स्थिति थी। कुछ दिन पूर्व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने लखनऊ-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज की ओर सिक्सलेन फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
यहां से शुरू होगा फ्लाईओवर
सेतु निगम की ओर से तैयार किए गए डीपीआर के मुताबिक सिक्सलेन फ्लाईओवर ट्रांसपोर्टनगर चौराहा से पहले (वेंडिंग जोन के पास) से शुरू होकर पैडलेगंज की ओर नगर विधायक के आवास के पास स्थित पेट्रोलपंप के पास समाप्त होगा। इसकी लंबाई करीब 2.23 किलोमीटर होगी। इसके अतिरिक्त 434 मीटर लंबे फोरलेन फ्लाईओवर से देवरिया बाईपास को जोड़ा जाएगा। फोरलेन फ्लाईओवर देवरिया बाईपास तिराहा से शुरू होकर देवरिया बाईपास रोड पर करीब 434 मीटर दूर उतारा जाएगा। इससे पैडलेगंज व ट्रांसपोर्टनगर की ओर से देवरिया बाईपास की ओर जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। बिना जाम में फंसे वे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। नौसढ़ से पैडलेगंज सिक्स लेन बन जाने के बाद भी जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकेगी।
ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज की ओर सिक्स लेन फ्लाईओवर एवं इससे देवरिया बाईपास की ओर फोरलेन फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। - कृष्णा करुणेश, जिलाधिकारी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।