विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में डंबल डिजाइन से संवरेगी शास्त्री चौक की सूरत, जाम से मिलेगी मुक्ति और बढ़ेगी हरियाली

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:36 AM (IST)

गोरखपुर का शास्त्री चौक अब डंबल (कैप्सूल) आकार के गोलंबर के साथ पूरी तरह बदल जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा ...और पढ़ें

शास्त्रीचौक का प्रस्तावित मॉडल।

शास्त्रीचौक का प्रस्तावित मॉडल।

HighLights

  1. डंबल आकार के गोलंबर से यातायात होगा सुगम।

  2. चौराहे पर हरियाली और फव्वारे से बढ़ेगी खूबसूरती।

  3. पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते और चौड़ी सड़कें।

राजीव रंजन, गोरखपुर। शहर के प्रमुख चौराहों में शामिल शास्त्री चौक की तस्वीर आने वाले दिनों में पूरी तरह बदलने वाली है। यहां अब पहले के दोनों गोलंबर के आकार को बड़ा बनाया जाएगा। दोनों गोलंबर को आपस में जोड़कर डंबल (कैप्सूल) जैसा आकार दिया जाएगा। खास बात यह होगी कि दोनों गोलंबर के बीच हरियाली विकसित की जाएगी। इससे चौराहे की सुंदरता तो बढ़ेगी ही, वाहनों को भी अलग-अलग दिशाओं में निकलने के लिए बेहतर रास्ता मिलेगा।

शास्त्री चौक के जंक्शन इम्प्रूवमेंट और सुंदरीकरण के क्रम में इसी तरह का बदलाव किया गया है। इस बदलाव का मकसद सिर्फ चौराहे को सुंदर बनाना नहीं, बल्कि यहां लगने वाले जाम को कम करना और पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता देना भी है। अभी चौराहे पर वाहनों को निकलने के लिए जिस तरह एक बड़े गोलंबर के आसपास घूमना पड़ता है, उससे कई दिशाओं से आने वाले वाहनों के बीच टकराव की स्थिति बनती है।

नए डिजाइन में दो रोटरी के बीच का हिस्सा ग्रीन कारिडोर के रूप में विकसित होगा। इस व्यवस्था से गोलघर, आंबेडकर चौक और बेतियाहाता की तरफ से आने वाले वाहनों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर रास्ता मिलेगा। मोड़ों पर छोटे-छोटे ट्रैफिक आइलैंड भी बनाए जाएंगे, ताकि वाहन अपनी निर्धारित दिशा में मुड़ सकें। इससे चौराहे पर एक-दूसरे का रास्ता काटने और अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति कम होगी।

82068499

शास्त्रीचौक का डिज़ाइन।


 

बीच में हरियाली, किनारे फव्वारे से बढ़ेगी खूबसूरती

दोनों गोलंबर के बीच खाली जगह को हरियाली से सजाया जाएगा। सड़क किनारे भी छोटे ग्रीन पैच और लैंडस्केपिंग की व्यवस्था होगी। बिजली सब स्टेशन और कार्यालय की तरफ जाने वाले हिस्से में फव्वारा लगाने की योजना बनाई गई है। यानी यहां से गुजरने वाले लोगों को बदला हुआ चौराहा देखने को मिलेगा। ग्रीन पैच से धूल को नियंत्रित करने और आसपास के वातावरण को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। यह व्यवस्था चौराहे को केवल वाहनों के आवागमन का स्थान बनाने के बजाय शहर के आकर्षक प्रवेश बिंदु के रूप में विकसित करेगी।

17 से 24 मीटर तक होगी सड़क की चौड़ाई
परियोजना में मुख्य मार्ग की सामान्य चौड़ाई 24 मीटर निर्धारित की गई है। हालांकि शास्त्री चौक से आंबेडकर चौक के बीच प्रेस क्लब जैसी स्थायी इमारतों को ध्यान में रखते हुए सड़क की प्रभावी चौड़ाई 17 से 18 मीटर रखी गई है। चौराहे के आसपास लगभग 50 मीटर के दायरे में भी सुधार किया जाएगा। इसमें फ्री लेफ्ट टर्न और अतिरिक्त लेन के लिए जगह बनाई जाएगी। इससे बाईं ओर मुड़ने वाले वाहनों को गोलंबर के चक्कर में नहीं फंसना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में छठ के बाजार में फलों की बहार, आंध्र से नारियल तो बेंगलुरु से आया अंगूर


बाउंड्री हटेगी, लेकिन पैदल चलने वालों के लिए बढ़ेगी जगह
नए डिजाइन को जमीन पर उतारने के लिए सेंट एंड्रयूज कालेज और को-आपरेटिव बैंक की चहारदीवारी के कुछ हिस्सों को पीछे करने या उनकी स्थिति बदलने की योजना है। इससे सड़क और फुटपाथ के लिए अतिरिक्त जगह मिल सकेगी। चौराहे पर जेब्रा क्रासिंग, स्टाप लाइन और पैदल यात्रियों के सुरक्षित खड़े होने के लिए रिफ्यूज आइलैंड भी बनाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- लोक आस्था का महापर्व: कल नहाय-खाय के साथ गूंजेंगे छठी मईया के गीत, चार दिनों तक भक्ति में डूबेगा गोरखपुर

इसका फायदा उन लोगों को मिलेगा जिन्हें रोजाना चौराहा पार करना पड़ता है। अभी वाहनों के बीच से रास्ता तलाशकर सड़क पार करने की मजबूरी रहती है। आर्किटेक्ट निशांत राजपूत ने कहा कि शास्त्री चौक को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि वाहन चालकों को बार-बार ब्रेक लगाने और एक-दूसरे के आगे निकलने की जद्दोजहद से राहत मिल सकती है।



शास्त्री चौक पर दिनभर वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में दो छोटे गोलंबर, अलग-अलग ट्रैफिक लेन, फ्री लेफ्ट टर्न और पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ते इस चौराहे की सबसे बड़ी जरूरत हैं। शहर के बीचोंबीच स्थित यह चौराहा आने वाले समय में जाम के लिए नहीं, बल्कि अपनी नई पहचान और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए जाना जाएगा।

-

-अमित शर्मा, मुख्य अभियंता, नगर निगम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।