लोक आस्था का महापर्व: कल नहाय-खाय के साथ गूंजेंगे छठी मईया के गीत, चार दिनों तक भक्ति में डूबेगा गोरखपुर
गोरखपुर में लोक आस्था का महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है, जिसकी तैयारियां जोरों पर ...और पढ़ें

HighLights
छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ शुक्रवार से शुरू।
चार दिवसीय व्रत में खरना और दो अर्घ्य मुख्य।
गोरखपुर में घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। 3 लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुक्रवार से शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तैयारी जोर पकड़ने लगी हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई है तो घरों में साफ-सफाई के साथ पूजा की तैयारी शुरू हो गई है।
नदी, तालाबों और मोहल्लों में बनाए जा रहे अस्थायी घाटों को सजाने-संवारने का काम भी चल रहा है। व्रतियों के लिए जगह-जगह वेदियां बनाई जा रही हैं। शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होने वाला यह महापर्व सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूर्ण होगा।
पं. शरदचंद्र मिश्र के अनुसार, छठ महापर्व का पहला दिन नहाय-खाय कहलाता है। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्धता और पवित्रता के साथ भोजन तैयार करते हैं। परंपरा के अनुसार कद्दू और चावल का प्रसाद बनाया जाता है, जिसे कद्दू-भात कहते हैं। इसके साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत हो जाती है।
दूसरे दिन 14 नवंबर शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे। शाम को पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के साथ ही व्रतियों का कठिन निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
सूर्यास्त के समय 5:24 बजे देंगे पहला अर्घ्य
महापर्व के तीसरे दिन 15 नवंबर रविवार को व्रती निर्जल उपवास रखेंगे। शाम को नदी, तालाबों और अन्य छठ घाटों पर पहुंचकर छठ मइया की पूजा-अर्चना करेंगे। सूर्यास्त के समय शाम 5:24 बजे अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दौरान सूप में मौसमी फल, ठेकुआ, चावल के लड्डू और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्पित की जाएगी। अर्घ्य के बाद रात में व्रती जागरण करेंगे और छठ मइया की कथा सुनेंगे।
यह भी पढ़ें- गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में सहेजी जा रही आयुर्वेद की विरासत, लगाए गए 2089 दुर्लभ औषधीय पौधे
सोमवार सुबह 6:37 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य
छठ महापर्व के अंतिम दिन 16 नवंबर सोमवार को सुबह 6:37 बजे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पूजा-अर्चना कर पारण करेंगे। इसी के साथ सूर्य उपासना, संयम और श्रद्धा का चार दिवसीय महापर्व पूर्ण होगा।
पं. शरदचंद्र मिश्र के अनुसार, इस बार छठ महापर्व की शुरुआत धृति योग में हो रही है, जबकि इसका समापन वृद्धि और सिद्धि योग में होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इन योगों को शुभ माना गया है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 15 नवंबर के बाद गिरेगा पारा, सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।