गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में सहेजी जा रही आयुर्वेद की विरासत, लगाए गए 2089 दुर्लभ औषधीय पौधे
गोरखपुर के महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में आयुर्वेद की विरासत को सहेजने के लिए गुजरात से 2089 दुर्लभ औषधीय ...और पढ़ें

आयुष विश्वविद्यालय। जागरण
HighLights
गोरखपुर आयुष विश्वविद्यालय में 2089 दुर्लभ औषधीय पौधे लगाए गए।
गुजरात के वापी से 11 प्रजातियों के पौधे लाए गए हैं।
विद्यार्थी इन पौधों से व्यावहारिक औषधीय ज्ञान प्राप्त करेंगे।
गजाधर द्विवेदी, गोरखपुर। किसी पौधे की पत्ती में छिपी औषधि, किसी पेड़ की छाल में समाया उपचार और किसी फूल की खुशबू में बसी प्रकृति की अनमोल देन... आयुर्वेद की यही वह विरासत है, जिसे हमारे ऋषि-मुनियों ने सदियों के अनुभव से संजोया और पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ाया। अब इसी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की एक खूबसूरत कोशिश महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में आकार ले रही है।
यहां गुजरात के वापी से आए 11 प्रजातियों के 2089 दुर्लभ औषधीय पौधे अपनी जड़ें जमा रहे हैं। आने वाले समय में इनकी हरियाली केवल विश्वविद्यालय परिसर की सुंदरता नहीं बढ़ाएगी, बल्कि आयुर्वेद के ज्ञान, शोध और चिकित्सा की नई संभावनाओं को भी सींचेगी।आज जब आधुनिक जीवनशैली की चुनौतियों के बीच लोग प्राकृतिक चिकित्सा और पारंपरिक ज्ञान की ओर फिर से देख रहे हैं, तब यह पहल विशेष महत्व रखती है।
विश्वविद्यालय परिसर में विकसित हो रहा औषधीय उद्यान विद्यार्थियों के लिए ऐसी जीवंत पाठशाला बनेगा, जहां किताबों में पढ़ी जड़ी-बूटियां उनके सामने सांस लेती नजर आएंगी। वे केवल उनके नाम और गुण याद नहीं करेंगे, बल्कि पौधों को उगते, बढ़ते और औषधीय उपयोग के लिए तैयार होते भी देख सकेंगे।
दरअसल, ये 2089 पौधे महज संख्या नहीं हैं। ये उस ज्ञान परंपरा को सहेजने की कोशिश है, जिसमें प्रकृति को केवल जीवन का आधार नहीं, बल्कि स्वास्थ्य का संरक्षक भी माना गया है। इन पौधों की जड़ें जब इस धरती में गहरी होंगी, तो उनके साथ आयुर्वेद की विरासत भी नई पीढ़ी के मन में जगह बनाएगी। यह उद्यान आने वाले समय में प्रकृति, पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक शिक्षा के बीच ऐसा सेतु बनेगा, जहां हर पत्ती एक सीख देगी और हर पौधा आयुर्वेद की सदियों पुरानी कहानी सुनाएगा।
हर पौधे में छिपी है उपचार की एक कहानी
इस उद्यान में शामिल अडुसी यानी वासा का पारंपरिक आयुर्वेद में खांसी, कफ और श्वसन संबंधी समस्याओं में उपयोग होता रहा है। दांती पाचन संबंधी उपचारों में महत्वपूर्ण मानी जाती है। पिपली पाचन और श्वसन संबंधी आयुर्वेदिक औषधियों में उपयोगी है तो बहेड़ा त्रिफला का अहम घटक है। चित्रक से चित्रकादि वटी जैसी औषधियां तैयार की जाती हैं। निर्गुंडी का पारंपरिक उपयोग वात संबंधी समस्याओं में होता है।
मधुकरी, अशोक, लोध्रा और श्योनाक भी अपने औषधीय महत्व के लिए जाने जाते हैं। इनमें दिन का राजा नामक पौधा अपनी सुगंधित फूलों के कारण अलग पहचान रखता है। इसके खिलने पर परिसर की आबोहवा भी महक उठेगी। इस तरह यह उद्यान औषधीय उपयोग के साथ प्रकृति की सुंदरता का भी अनुभव कराएगा।
यह भी पढ़ें- गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में 15 मिनट में पूरी होगी जांच, मोबाइल फोन पर मिलेगी रिपोर्ट
835 दांती और 507 अडुसी से शुरू हुई हरियाली की कहानी
गुजरात से आए पौधों में सबसे अधिक 835 दांती और 507 अडुसी के हैं। इसके अलावा 235 चित्रक, 220 पिपली, 120 मधुकरी, 55 बहेड़ा, 50 अशोक, 25 लोध्रा, 24 निर्गुंडी, 15 दिन का राजा और चार श्योनाक के पौधे शामिल हैं। पौधों के विकसित होने के बाद उनके विभिन्न हिस्सों का उपयोग विश्वविद्यालय की फार्मेसी में औषधियां तैयार करने के लिए किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर विधानसभा चुनाव: ब्राह्मण चेहरों पर भरोसा, पिछड़ों पर भी सियासी दांव
इससे विद्यार्थियों को जड़ी-बूटियों की पहचान, उनके औषधीय गुणों और औषधि निर्माण की प्रक्रिया का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। विश्वविद्यालय आने वाले लोग भी इस अनूठे उद्यान के माध्यम से आयुर्वेद की समृद्ध वनस्पति परंपरा को करीब से जान सकेंगे।
आयुर्वेद केवल चिकित्सा पद्धति नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव जीवन के बीच संतुलन स्थापित करने वाली हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा है। इस विरासत को संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। परिसर में विकसित किया जा रहा औषधीय उद्यान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
-डा. के रामचंद्र रेड्डी, कुलपति महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।