गोरखपुर में छठ के बाजार में फलों की बहार, आंध्र से नारियल तो बेंगलुरु से आया अंगूर
छठ महापर्व को लेकर गोरखपुर की महेवा थोक फल मंडी गुलजार हो गई है। देश के विभिन्न हिस्सों से फलों ...और पढ़ें

आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु से पहुंची फलों की खेप। जागरण
HighLights
महेवा थोक फल मंडी छठ के लिए गुलजार।
देश के विभिन्न राज्यों से फलों की भारी आवक।
नारियल, सेब, अंगूर सहित कई फल उपलब्ध।
प्रभात कुमार पाठक, गोरखपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर थोक बाजार गुलजार हो गया है। महेवा स्थित थोक फल मंडी में देश के अलग-अलग हिस्सों से फलों की आवक तेज हो गई है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर से फल लेकर गाड़ियां पहुंच रही हैं।
थोक मंडी में खरीदारी के लिए फुटकर कारोबारियों की भीड़ जुटने लगी है। हालांकि, शहर के प्रमुख बाजारों में फुटकर दुकानें अभी पूरी तरह नहीं सजी हैं। एक-दो दिनों में फल और पूजन सामग्री की दुकानें सजने के साथ बाजारों में छठ की रौनक और बढ़ेगी।
महेवा मंडी में बुधवार को फलों की गाड़ियों और स्थानीय कारोबारियों की आवाजाही से काफी चहल-पहल रही। छठ पर मांग को देखते हुए कारोबारियों ने पहले से ही पर्याप्त मात्रा में फल मंगा लिए हैं।
गोरखपुर फ्रूट एसोसिएशनफल के महामंत्री विजय कुमार सोनकर ने बताया कि आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक से बिक्री के लिए तीन से चार गाड़ियां पहुंच चुकी हैं। इस बार नारियल 30 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। पर्व पर किसी तरह की कमी न हो, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में फल स्टोर किए गए हैं।
सेब, कीनू और अनार की भी अच्छी मांग
थोक कारोबारी अन्नू सोनकर के अनुसार, मंडी में हिमाचल प्रदेश और कश्मीर से सेब की आवक हो रही है। प्रतिदिन गाड़ियां पहुंच रही हैं। अच्छी गुणवत्ता का सेब थोक में 60 से 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। छठ में कीनू की भी अच्छी मांग रहती है। पंजाब से आया कीनू 25 से 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं, अनार नासिक और गुजरात से मंगाया जा रहा है। इसकी कीमत 100 से 120 रुपये प्रति किलो है।
कारोबारी प्रहलाद कुशवाहा ने बताया कि तरबूज, पपीता और साडा आंध्र प्रदेश से आया है। अंगूर नासिक से मंगाया गया है। पानी फल (सिंघाड़ा) और अमरख भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कारोबारी रवि सोनकर के अनुसार नागपुर से संतरा मंगाया गया है, जो थोक में 70 से 80 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। बिहार के मोतीहारी और बथुआ बाजार से आया गागल नींबू 12 रुपये प्रति पीस मिल रहा है। खड्डा, सिसवा और बाराबंकी से पहुंचे केले से मंडी में मांग पूरी हो रही है।
छठ पर्व पर स्थानीय पनियाला फल की मांग भी बढ़ गई है। महेवा मंडी के कारोबारियों के अनुसार पनियाला की आवक पचपेड़वा सहित आसपास के क्षेत्रों से हो रही है। दूर-दराज के जिलों से मंडी पहुंचने वाले खरीदार भी गोरखपुर के इस खास फल की तलाश कर रहे हैं। अपने विशिष्ट स्वाद के लिए पहचाना जाने वाला पनियाला छठ के प्रसाद की थाली में खास जगह रखता है। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार पिछले वर्षों की तुलना में इसकी मांग अधिक है।
प्रसाद के लिए रांची से मंगाई गई गंजी
छठ पूजा में प्रसाद के रूप में इस्तेमाल होने वाली गंजी की भी मांग बढ़ गई है। कारोबारी रमेश ने बताया कि इसे खास तौर पर रांची से मंगाया गया है। थोक में इसकी कीमत 28 रुपये प्रति किलो है। वहीं, फैजाबाद और टांडा से अमड़ा पहुंचा है। कर्नाटक से लाल पट्टा और तोतापरी आम भी मंगाया गया है। थोक में आम 60 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। गन्ना कारोबारी रमेश साहनी ने बताया कि अंबेडकरनगर से दो गाड़ी गन्ना मंगाया गया है। यह आठ से नौ रुपये प्रति पीस बिक रहा है। फुटकर कारोबारी भी मंडी से गन्ना खरीदकर ले जा रहे हैं।
नासिक और बेंगलुरु से आ रहा अंगूर
मंडी में अंगूर की आवक नासिक और बेंगलुरु से हो रही है। छत्तीसगढ़ से अमरूद मंगाया गया है। कारोबारी इसे 80 से 100 रुपये प्रति किलो बेच रहे हैं। वहीं, अंगूर की कीमत 120 से 140 रुपये प्रति किलो है। शरीफा 600 रुपये सैकड़ा बिक रहा है। अनानास विक्रेता रवींद्र ने बताया कि सिलीगुड़ी और असम से पहुंचा अनानास 30 से 40 रुपये प्रति पीस बिक रहा है।
यह भी पढ़ें- लोक आस्था का महापर्व: कल नहाय-खाय के साथ गूंजेंगे छठी मईया के गीत, चार दिनों तक भक्ति में डूबेगा गोरखपुर
छपरा, बलिया व मोतीहारी से पहुंचे सुपली-दउरा
छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले सुपली और दउरा की खेप भी महेवा मंडी में पहुंच गई है। इस बार छपरा, बलिया, मोतीहारी और मऊ से इनकी आपूर्ति हुई है। कारोबारी कमलेश गुप्ता ने बताया कि पर्व नजदीक आते ही इनकी बिक्री तीन गुना तक बढ़ गई है। सुपली 60 रुपये और दउरा 160 रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा कोसी और पीतल के सूप की खरीदारी भी शुरू हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।