विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर स्टेशन पर उमड़ी भीड़, ट्रेनों व बसों में जगह नहीं, सीट के लिए धक्कामुक्की

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:20 AM (IST)

गोरखपुर में छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिससे ट्रेनों और बसों में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. छठ पर्व पर गोरखपुर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी।

  2. ट्रेनों और बसों में जगह नहीं, यात्रियों को धक्कामुक्की का सामना।

  3. रेलवे-रोडवेज ने विशेष ट्रेनें, बसें और सुरक्षा इंतजाम किए।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे और बस स्टेशनों पर छठ पर्व पर घर जाने वाले परदेसियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। लेकिन, ट्रेनों व बसों में जगह ही नहीं है। दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र व गुजरात से बड़ी संख्या में परदेसी गोरखपुर पहुंच रहे हैं। जो पहले से टिकट ले लिए हैं, उनकी यात्रा तो सुगम हो जा रही, लेकिन जो टिकट नहीं ले पाए हैं, उन्हें एक-एक सीट के लिए धक्कामुक्की करनी पड़ रही है।

गोरखपुर पहुंचकर भी घर जाने के लिए ट्रेन व बस के लिए भटकना पड़ रहा है। लोकल रूटों पर बसें कम पड़ जा रही हैं। लोग मुंहमांगा किराया देकर प्राइवेट बसों से यात्रा करने को मजबूर हैं। यह तब है जब रेलवे, जहां रिकार्ड संख्या में पूजा स्पेशल ट्रेनें चला रहा वहीं रोडवेज, दिल्ली से आने वाले लोगों के लिए रोजाना 120 बसें भेज रहा है। लखनऊ और कानपुर के लिए भी दो से ढाई सौ बसें चलाई जा रही हैं। 14 नवंबर तक इन बसों का संचालन होगा।

परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि तमकुही, पडरौना, सलेमगढ़ और कसया तथा ठुठीबारी रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ी है। इसके लिए 60 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। पहले से चल रही रुटीन बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। सिर्फ पांच दिन में गोरखपुर परिक्षेत्र में 6.90 लाख लोगों ने यात्रा की है। पिछले साल की तुलना में 46 हजार अधिक लोगों ने आवागमन किया है।

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने बताया कि छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 24 घंटे संचालित वार रूम से भीड़ एवं ट्रेन परिचालन की निगरानी, यात्री आश्रय में विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बुधवार को लखनऊ मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) भुवनेश सिंह ने निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रेलवे स्टेशन पर यात्री आश्रय (होल्डिंग एरिया) की व्यवस्था की गई है। जहां, ट्रेन सूचना डिस्प्ले, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पेयजल एवं स्वच्छता का विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके अतिरिक्त होल्डिंग एरिया में 24 घंटे मोबाइल टिकट वितरण इकाइयों के माध्यम से यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रिकार्ड संख्या में पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। कुछ स्पेशल ट्रेनों में अभी भी बर्थें खाली हैं। यात्री इन ट्रेनों में कन्फर्म टिकट लेकर अपनी यात्रा को सुगम बना सकते हैं।

रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का अचानक नहीं बदलेगा प्लेटफार्म
ट्रेनों का अचानक प्लेटफार्म नहीं बदला जाएगा। अपरिहार्य परिस्थितियों में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से ही प्लेटफार्म परिवर्तन किया जाएगा तथा इसकी सूचना उद्घोषणा प्रणाली एवं डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से यात्रियों को समय से उपलब्ध कराई जाएगी। स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा उपरिगामी पुलों पर आरपीएफ एवं जीआरपी के जवानों द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए डाग स्क्वाड एवं महिला सुरक्षा टीम की तैनाती की गई है। प्लेटफार्म एवं ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर सिविल डिफेंस एवं स्काउट-गाइड का सहयोग भी लिया जाएगा।

इन पूजा स्पेशल ट्रेनों में खाली हैं बर्थें

  • 05101 गोरखपुर-शकूर बस्ती (दिल्ली) स्पेशल में 15 नवम्बर को वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में 02 बर्थ तथा 22 नवम्बर को वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में 02 और 29 नवम्बर को वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में 15, द्वितीय श्रेणी में 44 एवं वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 339 बर्थ उपलब्ध है।
  • 04830 गोरखपुर-जोधपुर स्पेशल में 27 नवम्बर को वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 09 बर्थ उपलब्ध है।
  • 03132 गोरखपुर-सियालदह स्पेशल में 13 नवम्बर को वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 84 एवं शयनयान श्रेणी में 208 बर्थ उपलब्ध है।
  • 05977 गोरखपुर-डिब्रुगढ़ स्पेशल में 12 नवम्बर को वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 61 एवं शयनयान श्रेणी में 144 बर्थ तथा 26 नवम्बर को वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 32 एवं शयनयान श्रेणी में 109 बर्थ उपलब्ध है।
  • 03528 गोरखपुर-आसनसोल स्पेशल में 14 नवम्बर को वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 72, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 350 एवं शयनयान श्रेणी में 393 बर्थ, 21 नवम्बर को वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 72, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 306 एवं शयनयान श्रेणी में 156 बर्थ तथा 28 नवम्बर को वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 77, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 342 एवं शयनयान श्रेणी में 367 बर्थ उपलब्ध है।
  • मऊ से चलने वाली 04824 मऊ-जोधपुर त्यौहार विशेष गाड़ी में 24 नवम्बर, 2026 को वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी में 07 बर्थ उपलब्ध है।
  • 05634 गोरखपुर-नारंगी (गुवाहाटी) स्पेशल में 15 नवम्बर को वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 271 बर्थ तथा 29 नवम्बर को वातानुकूलित तृतीय श्रेणी में 176 बर्थ उपलब्ध है।

यह भी पढ़ें- लोक आस्था का महापर्व: कल नहाय-खाय के साथ गूंजेंगे छठी मईया के गीत, चार दिनों तक भक्ति में डूबेगा गोरखपुर

यह भी पढ़ें- गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय में सहेजी जा रही आयुर्वेद की विरासत, लगाए गए 2089 दुर्लभ औषधीय पौधे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।