विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा व्‍यवस्था और कड़ी होगी, मंद‍िर पर‍िसर में बनेगा एसपी कार्यालय व पुलिस कंट्रोल रूम

By Pradeep SrivastavaEdited By:
Published: Fri, 20 May 2022 11:22 AM (IST)

गोरखनाथ मंद‍िर की सुरक्षा व्‍यवस्‍था और कड़ी की जा रही है। यहां द‍िन रात सशस्‍त्र फोर्स तैनात रहने के साथ ...और पढ़ें

गोरखनाथ मंद‍िर की सुरक्षा व्‍यवस्‍था और कड़ी की जा रही है। - फाइल फोटो
गोरखनाथ मंद‍िर की सुरक्षा व्‍यवस्‍था और कड़ी की जा रही है। - फाइल फोटो

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखनाथ मंदिर के मुख्य द्वार पर अप्रैल में हुए हमले के बाद शासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ करने का निर्णय लिया है। मंदिर व श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अब परिसर में 3.52 करोड़ रुपये से 864 वर्ग मीटर भूमि में पुलिस कंट्रोल रूम व एसपी कार्यालय का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही 3878 वर्ग मीटर में 12.11 करोड़ रुपये से पुलिस व पीएसी के लिए बैरक व शास्त्रागार का निर्माण किया जाएगा। कुल 15.63 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टेंडर जारी कर दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने में एक माह का समय लग सकता है। इसके बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा, जिसे 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

हर समय मौजूद रहेंगे बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी व हथियार

सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए अब मंदिर परिसर में एसपी बैठेंगे। उनका पूरा कार्यालय होगा। कंट्रोल रूम में सीधे सूचनाएं पहुंचेंगी और सुरक्षा कर्मी तत्काल सक्रिय कर दिए जाएंगे। पहले शहर के कंट्रोल रूम में सूचनाएं आती थीं, यहां से मंदिर में सूचना भेजी जाती थी, इसमें थोड़ा विलंब हो जाता था। यही नहीं अब मंदिर परिसर में बैरक व शस्त्रागार बन जाने से वहीं हथियार व बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे।

अभी यह है व्‍यवस्‍था

अभी ड्यूटी के दौरान ही पुलिस कर्मी वहां रहते हैं। जिनकी ड्यूटी खत्म हो जाती है, वे अपना हथियार पुलिस लाइन या थाने में जमा कर घर चले जाते हैं। जिन्हें अचानक बुलाने पर आने में समय लगता है। बैरक व शास्त्रागार बन जाने से ड्यूटी खत्म होने के बाद भी सुरक्षा कर्मी घर नहीं जाएंगे। वह व उनके हथियार परिसर में ही रहेंगे। इसलिए जरूरत पड़ने पर सुरक्षा कर्मियों की कमी नहीं पड़ने पाएगी।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में एसपी कार्यालय, पुलिस कंट्रोल रूम, बैरक व शस्त्रागार का निर्माण होना है। टेंडर निकाल दिया गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी करने में एक माह का समय लग सकता है। इसके बाद निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। - बाबर अली, सहायक अभियंता, निर्माण खंड भवन, पीडब्लूडी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।