गोरखपुर की ट्रेनों में अब सील बेडरोल पैकेट, यात्री खुद खोलेंगे और अटेंडेंट की मनमानी पर लगेगा ब्रेक
गोरखपुर से चलने वाली ट्रेनों में अब यात्रियों को सील बंद बेडरोल पैकेट मिलेंगे, जिससे कोच अटेंडेंट की मनमानी रुकेगी और गंदे लिनेन की समस्या खत्म होगी। यह नई व्यवस्था यात्रियों को स्वच्छ और संतुष्टिपूर्ण यात्रा अनुभव प्रदान करेगी, साथ ही गोरखपुर में नई मैकेनाइज्ड लाउंड्री भी तैयार हो रही है।
-1795751293069_m.webp)
गोरखपुर से बनकर चलने वाली लगभग 25 ट्रेनों में मिलने लगी है सुविधा। जागरण
HighLights
यात्री स्वयं खोलेंगे सील बंद बेडरोल पैकेट।
कोच अटेंडेंट की मनमानी पर लगेगा अंकुश।
गोरखपुर में बन रही अत्याधुनिक मैकेनाइज्ड लाउंड्री।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अब कोच अटेंडेंट की मनमानी नहीं चलेगी। वे यात्रियों को उपयोग किया गया व गंदा बेडशीट, तौलिया और कवर आदि नहीं दे पाएंगे। न ही वे अपने मन से बेडरोल का पैकेट खोल पाएंगे। यात्री ही बेडरोल का पैकेट खोलेंगे और संतुष्ट होने के बाद ही उसका उपयोग करेंगे।
यात्रियों को अब सील (स्टीकर लगे) वाले बेडरोल के पैकेट मिलेंगे। गुरुवार से गोरखपुर से बनकर चलने वाली गोरखधाम समेत सभी ट्रेनों में सील बेडरोल के पैकेट मिलने शुरू हो गए हैं।
गोरखपुर में जल्द ही अति आधुनिक मैकेनाइज्ड लाउंड्री की नई मशीनों में बेडरोल की धुलाई शुरू हो जाएगी। गोरखपुर जंक्शन यार्ड स्थित न्यू वाशिंग पिट में सुविधासंपन्न मैकेनाइज्ड लाउंड्री बन रही है। नई लाउंड्री में प्रतिदिन करीब 36 हजार बेडरोल के पैकेट तैयार हो सकेंगे। वर्तमान में लगभग 18 हजार पैकेट तैयार हो रहे हैं। गोरखपुर से बनकर चलने वाली करीब 25 ट्रेनों में बेडरोल के पैकेट दिए जाते हैं।
गोरखपुर जंक्शन के पुनर्विकास के अंतर्गत लाउंड्री प्लेटफार्म नौ से न्यू वाशिंग पिट के नए भवन में शिफ्ट हो जाएगी। गोरखपुर जंक्शन के उत्तरी गेट पर प्लेटफार्म नंबर नौ के पास स्थित मैकेनाइज्ड लाउंड्री टूटेगी। लाउंड्री के पास स्टेशन के पुनर्विकास के अंतर्गत नए भवन बनाए जाएंगे, जहां से ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
कंबल पर भी लगेंगे कवर
सफर में वातानुकूलित (एसी) के सभी यात्रियों को कवर के साथ कंबल मिलेगा। एसी फर्स्ट के यात्रियों को पहले से ही कवर मिलता आ रहा है, अब एसी टू और थर्ड क्लास में यात्रा करने वाले सभी ट्रेन के यात्रियों को भी कवर के साथ ही कंबल मिलेगा। रेलवे बोर्ड ने जयपुर से चलने वाली एक ट्रेन में पायलट प्रोजेक्ट के तहत यात्रियों को कवर के साथ कंबल देना शुरू किया है।
यह भी पढ़ें- रामायण सर्किट को नई रफ्तार: 280 रुपये में जनकपुर धाम पहुंचाएगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, बुकिंग शुरू
प्रयोग सफल रहा तो आने वाले दिनों में इस व्यवस्था को पूर्वोत्तर रेलवे समेत भारतीय रेलवे स्तर पर लागू किया जाएगा। दरअसल, यात्रा के दौरान बिना कवर के कंबल को लेकर यात्रियों के मन में संशय रहता है, वह संशय भी जल्द ही दूर हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।