सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू, अयोध्या से जनकपुर तक सिर्फ कंफर्म टिकट पर यात्रा
अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा।

सरयू कमला एक्सप्रेस। जागरण अर्काइव
HighLights
सरयू-कमला एक्सप्रेस 28 नवंबर से अयोध्या-जनकपुर के बीच चलेगी।
यात्रा के लिए केवल कंफर्म टिकट ही मान्य होंगे, वेटिंग नहीं।
यह ट्रेन भारत-नेपाल संबंधों और धार्मिक पर्यटन को बढ़ाएगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अयोध्या से जनकपुर के बीच गोरखपुर के रास्ते नई सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 नवंबर, 2026 से नियमित चलने लगेगी। 15595/15596 नंबर की जनकपुर धाम (नेपाल)-अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम (नेपाल) अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को तथा जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को चलाई जाएगी।
सिर्फ कंफर्म टिकट पर यात्रा होगी। आरएसी और वेटिंग टिकट नहीं मिलेंगे। इस ट्रेन में भी सामान्य ट्रेनों की तरह किराया लगेगा। जल्द ही टिकटों की बुकिंग शुरू हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने 23 नवंबर को नई दिल्ली से इस नई ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन किया था।
नेपाल जाने वाली भारत की पहली ट्रेन
नेपाल जाने वाली भारत की पहली ट्रेन के संचालन को लेकर रेलवे बोर्ड ने अधिसूचना जारी कर दी है। ट्रेन चलाने के लिए उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे ने अपनी तैयारी लगभग पूरी कर ली है। इस ट्रेन के चलने से भारत और नेपाल के संबंध और प्रगाढ़ होंगे। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन जनकपुर धाम (नेपाल) से 28 नवंबर, 2026 से प्रत्येक शनिवार को तथा अयोध्या कैंट से 30 नवंबर, 2026 से प्रत्येक सोमवार को किया जाएगा। इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी के 07, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 03, वातानुकूलित तृतीय इकोनामी श्रेणी के 03 और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 02 समेत कुल 17 कोच लगेंगे।
टाइम टेबल
15595 जनकपुर धाम (नेपाल)-अयोध्या कैंट सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम (नेपाल) से दोपहर बाद 01:10 बजे प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन जयनगर से 03:25 बजे (नेपाल समयानुसार) एवं 03:10 बजे (भारत समयानुसार), मधुबनी से 03:50 बजे, शिशो से 05:15 बजे, सीतामढ़ी से 07:05 बजे, रक्सौल से रात 09:40 बजे, नरकटियागंज से 11:20 बजे, दूसरे दिन गोरखपुर से सुबह 04:05 बजे, बस्ती से 05:22 बजे, मनकापुर से 06:30 बजे छूटकर सुबह 08:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
15596 अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम (नेपाल) सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 05:50 बजे प्रस्थान करेगी।
यह ट्रेन अयोध्या धाम जं: से 06:25 बजे, मनकापुर से 07:32बजे, बस्ती से रात 08:40 बजे, गोरखपुर से 10:23 बजे, दूसरे दिन नरकटियागंज से 02:20 बजे, रक्सौल से 03:15 बजे, सीतामढ़ी से सुबह 04:47 बजे, शिशो से 06:10 बजे, मधुबनी से 07:02 बजे तथा जयनगर से 10:30 बजे (भारत समयानुसार) एवं 10:45 बजे (नेपाल समयानुसार) छूटकर दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।