अयोध्या से जनकपुर का सफर अब बेहद आसान, हर शनिवार सीतामढ़ी होकर चलेगी 'सरयू-कमला एक्सप्रेस'
सरयू-कमला एक्सप्रेस अब हर शनिवार को सीतामढ़ी होकर अयोध्या से जनकपुर धाम तक चलेगी, जिससे भारत-नेपाल के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे।

हर शनिवार सीतामढ़ी होकर चलेगी 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' (जागरण)
HighLights
सरयू-कमला एक्सप्रेस अब हर शनिवार को चलेगी।
अयोध्या और जनकपुर धाम को जोड़ेगी यह ट्रेन।
भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करेगी नई रेल सेवा।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। भारत-नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की दिशा में भारतीय रेलवे द्वारा शुरू की गई महत्वपूर्ण पहल आगे के दिनों में भी निरंतर जारी रहेगी।
इसके तरह भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पावननगरी अयोध्या धाम और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम को जोड़ने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा सरयू-कमला एक्सप्रेस अब प्रत्येक शनिवार को सीतामढ़ी होकर चलेगी।
इस ट्रेन का सोमवार को भारत-नेपाल के प्रधानमंत्री क्रमश: नरेंद्र मोदी व बालेन्द्र शाह द्वारा शुभारंभ किया जा चुका है।
पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा:
लगभग 600 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन परिचालन से तीर्थयात्रियों, टूरिस्ट और दूसरे यात्रियों के लिए बॉर्डर पार यात्रा ज्यादा आसान होगी। इससे जनकपुर, पुनौराधाम सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होंगी और रामायण से जुड़े टूरिज्म सर्किट को बढ़ावा मिलेगा।
पढ़ाई, व्यापार और परिवार से जुड़े कामों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को ज्यादा मोबिलिटी मिलेगी। साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगी।
यहां बता दें कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक रिश्ते रहें हैं। नई ट्रेन सर्विस समुदायों को करीब लाने के लिए रेलवे कनेक्टिविटी का इस्तेमाल करके आपसी सहयोग में एक और पहलू जोड़ेगी।
नेपाल के जनकपुर धाम स्टेशन से प्रसिद्ध जानकी मंदिर की दूरी मात्र 1.25 किलोमीटर है। माता जानकी को समर्पित यह भव्य मंदिर जनकपुर धाम का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आकर्षण रूप में है।
सिर्फ यात्रा में ही नहीं, टिकट के लिए भी वैध पहचान पत्र जरूरी
हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र द्वारा जारी एक ई-रिलीज में बताया गया है कि गाड़ी सं. 15596/15595 अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के मध्य उत्तरप्रदेश के मनकापुर, बस्ती एवं गोरखपुर स्टेशन के अतिरिक्त नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी तथा जयनगर स्टेशनों पर रुकेगी।
इस ट्रेन में यात्रा के लिए लिए भारत और नेपाल के नागरिक ही निर्धारित वैध पहचान-पत्र के साथ यात्रा कर सकेंगे।
यात्रियों के पहचान-पत्र एवं राष्ट्रीयता संबंधी विवरण आरक्षण प्रक्रिया के दौरान दर्ज किए जाएंगे, इसलिए रेलवे रिजर्वेशन काउंटर से टिकट बुकिंग के समय निर्धारित पहचान-पत्र (आईडी) प्रस्तुत करना होगा तथा यात्री के पहचान-पत्र के अंतिम चार अंक दर्ज किए जाएंगे।
नेपाल की ओर से यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट/मोबाइल ऐप, अधिकृत ऑनलाइन टिकटिंग एजेंट तथा नेपाल में उपलब्ध अधिकृत सेवा एजेंटों के माध्यम से टिकट बुक करा सकेंगे। यह ट्रेन पूर्णतः आरक्षित एक्सप्रेस सेवा होगी।
कुल आरक्षित क्षमता में 70 प्रतिशत सीटें अंतिम से अंतिम कोटा की होगी तथा 30 प्रतिशत बीच साइड कोटा के अंतर्गत निर्धारित रहेंगी। इस ट्रेन में केवल जेनरल कोटा के तहत टिकट बुकिंग की सुविधा होगी।
तत्काल, प्रीमियम तत्काल, सीनियर सिटीजन, लेडीज और इमरजेंसी जैसी कोई कोटा की टिकट, सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
साथ ही आरएससी जैसी टिकट की व्यवस्था भी नहीं होगी यानी सिर्फ कंफर्म टिकट ही जारी किए जाएंगे। इस ट्रेन में अधिकतम 60 दिन पहले तक टिकट का अग्रिम आरक्षण हो सकेगा, जिसमें यात्रा की तिथि को शामिल नहीं है।
सामान ले जाने की सुविधा:-
प्रत्येक यात्री को प्रथम वातानुकूलित श्रेणी के लिए 70 किलोग्राम, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के लिए 50 किलोग्राम, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के लिए 40 किलोग्राम तथा शयनयान श्रेणी के लिए 40 किलोग्राम अधिकतम सामान ले जाने की अनुमति होगी।
इससे अधिक सामान पाए जाने पर रेलवे के नियमानुसार अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। इस ट्रेन में पार्सल अथवा माल की बुकिंग नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-पंजाब जाने वाले यात्रियों को रेलवे का तोहफा, सिवान के रास्ते चलेंगी स्पेशल ट्रेनें; चेक करें शेड्यूल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।