अयोध्या-जनकपुर ट्रेन में न तत्काल टिकट, न आरएसी की सुविधा; भगवान राम और माता सीता का दर्शन केवल कन्फर्म टिकट से
अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस में अब केवल कन्फर्म टिकट पर ही यात्रा संभव होगी। इसमें तत्काल या आरएसी की सुविधा नहीं मिलेगी, और भारत-नेपाल के नागरिक वैध पहचान-पत्र के साथ सफर कर सकेंगे।

सरयू-कमला एक्सप्रेस
HighLights
सरयू-कमला एक्सप्रेस में तत्काल, आरएसी टिकट उपलब्ध नहीं।
यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट पर ही यात्रा करनी होगी।
भारत-नेपाल नागरिक वैध पहचान-पत्र से ही सफर कर सकेंगे।
जागरण संवाददाता, पटना। अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस में सफर के लिए यात्रियों को पहले से टिकट बुक कराना होगा। इस ट्रेन में न तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट की सुविधा मिलेगी और न ही आरएसी के तहत यात्रा का विकल्प होगा। रेलवे केवल कन्फर्म टिकट जारी करेगा।
भारत और नेपाल के नागरिक ही वैध पहचान-पत्र के आधार पर इस अंतरराष्ट्रीय ट्रेन में सफर कर सकेंगे। रेलवे बोर्ड ने टिकट आरक्षण, पहचान-पत्र, सामान और किराये को लेकर विशेष नियम निर्धारित किए हैं।
बिहार के छह स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव
गाड़ी संख्या 15596/15595 सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच करीब 600 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। बिहार में इस ट्रेन का ठहराव नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर में होगा।
वहीं, उत्तर प्रदेश में मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया गया है। इस ट्रेन से दोनों धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन आसान होगा।
60 दिन पहले करा सकेंगे टिकट का आरक्षण
यात्रा की तिथि को छोड़कर अधिकतम 60 दिन पहले टिकट बुक कराया जा सकेगा। भारत में यात्री आइआरसीटीसी की वेबसाइट और मोबाइल एप के अलावा देशभर के पीआरएस काउंटरों से आरक्षण करा सकेंगे।
नेपाल के यात्रियों के लिए भी आइआरसीटीसी और अधिकृत टिकटिंग एजेंटों के माध्यम से बुकिंग की सुविधा होगी। काउंटर से टिकट लेते समय पहचान-पत्र देना होगा और उसके अंतिम चार अंक दर्ज किए जाएंगे। आरक्षण के दौरान यात्रियों की राष्ट्रीयता संबंधी जानकारी भी दर्ज होगी।
सामान के वजन पर भी रहेगी पाबंदी
रेलवे ने प्रत्येक यात्री को अधिकतम दो सामान ले जाने की अनुमति दी है। प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में 70 किलोग्राम, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी में 50 किलोग्राम तथा तृतीय वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी में 40-40 किलोग्राम सामान मुफ्त ले जा सकेंगे। निर्धारित सीमा से अधिक वजन होने पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा। ट्रेन में पार्सल और माल की बुकिंग की सुविधा नहीं होगी।
सामान्य एक्सप्रेस ट्रेनों के अनुरूप होगा किराया
सरयू-कमला एक्सप्रेस का मूल किराया संबंधित श्रेणी की एक्सप्रेस ट्रेनों के अनुरूप निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त यात्रियों को आरक्षण शुल्क, सरचार्ज और जीएसटी भी देना होगा।
बच्चों के किराये के लिए भारतीय रेल के मौजूदा नियम लागू होंगे। बच्चे के लिए अलग बर्थ लेने पर वयस्क किराया देना होगा, जबकि बर्थ नहीं लेने पर निर्धारित बाल किराया लागू होगा।
जनकपुर स्टेशन से 1.25 किमी दूर है जानकी मंदिर
जनकपुर धाम स्टेशन से प्रसिद्ध जानकी मंदिर की दूरी महज 1.25 किलोमीटर है। स्टेशन से मंदिर तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा, आटो, टैक्सी और साइकिल रिक्शा की सुविधा मिलेगी। श्रद्धालु पैदल भी मंदिर तक जा सकेंगे। इससे यात्रियों को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
धार्मिक पर्यटन के साथ व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा
नई ट्रेन सेवा से अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी भारत-नेपाल के श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण होगी। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।