Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    RSS: 2025 से पहले देश के हर गांव तक पहुंचेगा राष्ट्रीय स्वयं संघ, हर गांव में लगेगी संघ की शाखा

    By Jagran NewsEdited By: Pradeep Srivastava
    Updated: Thu, 27 Oct 2022 09:30 PM (IST)

    Rashtriya Swayam Sangh (RSS) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 2025 तक हर गांव में संघ की शाखा लगाने की तैयारी कर रहा है। संघ 2025 में अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मनाएगा। इसके लिए संघ ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है।

    Hero Image
    राष्ट्रीय स्वयं संघ 2025 से पहले देश के हर गांव तक पहुंचेगा। - प्रतीकात्मक तस्वीर

    गोरखपुर, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ 2025 में अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मनाएगा। इसे लेकर अभी से न केवल तैयारी शुरू हो गई है बल्कि संगठन की ओर से लक्ष्य भी तय कर लिया गया है। इसके तहत संघ की योजना शताब्दी वर्ष तक गांव-गांव तक अपनी पहुंच बनाने की है। यह जानकारी संघ के गोरक्ष प्रांत के प्रांत संघचालक डा. पृथ्वीराज सिंह, प्रांत सह संघचालक डा. महेंद्र अग्रवाल और प्रांत संपर्क प्रमुख प्रो. संजीत गुप्ता ने दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह है संघ की योजना

    डा. अग्रवाल ने योजना को स्पष्ट करते हुए बताया कि 2025 तक या तो हर गांव में संघ की शाखा लगेगी या मंडली बनाने की कोशिश की जाएगी। मिलन या संपर्क की गतिविधियां तो निश्चित रूप से संचालित होंगी। इसे लेकर स्वयंसेवकों को सहेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रांत संघचालक ने बताया कि बीते दिनों 16 से 19 अक्टूबर के बीच प्रयागराज में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक हुई, उसमें कई महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा हुई और आगे संचालित होने वाली गतिविधियां भी तय हुईं। इन गतिविधियों की जानकारी भी स्वयंसेवकों को दे दी गई है। बैठक में गतिविधियों को लेकर मिले मार्गदर्शन के मुताबिक स्वयंसेवक घर-घर जाकर लोगों को जनसंख्या असंतुलन से होने वाले नुकसान की जानकारी देंगे। आबादी को नियंत्रित करने के लिए जनसमर्थन भी जुटाएंगे। इस क्रम में उन्होंने असम, केरल, पश्चिम बंगाल और हरियाणा में बढ़ रहे धर्मगत जनसंख्या असंतुलन की चर्चा भी की।

    संघ का नाम लेकर वोट की राजनीति कर रहे राहुल

    एक सवाल के जवाब में संघ के पदाधिकारियों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा संघ पर की जा रही टिप्पणी को आड़े हाथों लिया। कहा कि वह संघ के नाम पर वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। उन्हें पता नहीं कि संघ की संगठनात्मक शक्ति का भान नहीं है।

    2024 तक सभी मंडलों में होगी शाखा

    पदाधिकारियों ने कहा कि 2024 के अंत तक भारत के सभी मंडलों में शाखा लगाने की संघ की योजना है। कुछ प्रांतों के चुनिंदा मंडलों में यह कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। चित्तौड़ ,ब्रज व केरल प्रांत में मंडल स्तर तक शाखाएं चल रही हैं। देश में पहले से ही संघ की 54 हजार 382 शाखाएं थीं, जो अब 61,045 हो गई हैं। साप्ताहिक मिलन में भी चार हजार और मासिक संघ मंडली में विगत एक वर्ष में 18 सौ की वृद्धि हुई है। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि गोरक्ष प्रांत में भी शाखाओं की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। संगठनात्मक दृष्टि से प्रांत के 21 जिलों में 971 मंडल, 147 खंड व 77 नगर शाखा युक्त है।