विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'राम भरोसे' रामजानकी मार्ग का हाल, दिवाली बीत गई; पर कब संवरेंगी राहें

Published: Sat, 14 Nov 2026 01:17 PM (IST)

बड़हलगंज से सिकरीगंज तक बन रहे रामजानकी मार्ग का निर्माण कार्य अधूरा है, जबकि अधिकारियों ने दिवाली से पहले पूरा ...और पढ़ें

राम जानकी मार्ग भूमिधर अंडरपास के बगल में खोद कर छोड़ा गया नाली

राम जानकी मार्ग भूमिधर अंडरपास के बगल में खोद कर छोड़ा गया नाली


HighLights

  1. रामजानकी मार्ग का निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है।

  2. नाला, डिवाइडर और बिजली के पोल अधूरे पड़े हैं।

  3. अधिकारियों के दावों के विपरीत काम बाकी है।

दुर्गेश त्रिपाठी, गोरखपुर। बड़हलगंज से सिकरीगंज तक बन रहा रामजानकी मार्ग राम भरोसे हो गया है। 14 अक्टूबर को निरीक्षण के लिए पहुंचे लोक निर्माण विभाग राजमार्ग खंड के अधीक्षण अभियंता देवेंद्र कुमार ने दिवाली के पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। तब अभियंताओं ने दावा किया था कि ज्यादातर काम पूरा हो गया है लेकिन हकीकत कुछ और है।

अब भी कहीं नाला पूरा नहीं बन पाया है तो कहीं डिवाइडर अधूरा है। बिजली के पोल भी पूरी तरह नहीं स्थापित किए जा सके हैं। उरुवा-सिकरीगंज मार्ग पर पुलिया की ऊंचाई ज्यादा होने और सड़क नीचे होने के कारण वाहन झटका खा रहे हैं।

बड़हलगंज से गोला के बीच तीन स्थानों पर पुलिया धंस रही है। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है। गोला में सड़क का निर्माण भी पूरा नहीं हो सका है। दैनिक जागरण ने मंगलवार को बड़हलगंज से सिकरीगंज तक राजमार्ग के प्रमुख हिस्सों में कार्यों की पड़ताल की।

बड़हलगंज में ओझौली से रामजानकी मार्ग का निर्माण शुरू हुआ है। ओझौली से गोला के बीच में तिवारीपुर, मुआव और भटनीपार गांव के सामने बनाई गई पुलिया धंस रही है। ग्रामीण इसकी जानकारी काम करने वाले ठेकेदारों को दे भी चुके हैं। गोला तहसील चौराहा पर डिवाइडर न बनने से तेज रफ्तार गुजर रहे वाहनों से हादसे की आशंका बनी हुई है।

यहां वाहन अचानक यूटर्न लेते हैं तो खतरा बढ़ जाता है। गोला कस्बा में एसआरके हास्पिटल से बिजली उपकेंद्र तक अब तक नाला नहीं बन सका है। गोला-उरुवा मार्ग पर बिसरा गांव के सामने सड़क का कुछ हिस्सा धंस गया है। डेईडीहा चौराहा के दोनों तरफ नाला का निर्माण नहीं हो सका है। जहां नाला का निर्माण हुआ भी है, वहां ज्यादातर हिस्से में स्लैब नहीं रखे गए हैं।

गोपालपुर चौराहा पर सड़क और नाला का काम अब भी अधूरा है। अधिशासी अभियंता ध्रुव अग्रवाल ने बताया कि वर्षा के कारण तीन दिन काम प्रभावित हुआ। अब श्रमिक छठ पूजा के लिए चले गए हैं। तीन-चार दिन का काम बाकी है। श्रमिकों के आते ही इसे पूरा करा लिया जाएगा।

उरुवा कस्बा में नाला का काम अधूरा
एक तरफ लोक निर्माण विभाग के अभियंता दावा कर रहे हैं कि बस तीन-चार दिन का काम बाकी है लेकिन सिर्फ उरुवा कस्बे में ही कई सौ मीटर लंबाई में नाला का निर्माण अधूरा है। उरुवा कस्बा में डा. सफीउद्दीन के घर से चौराहा तक नाला का निर्माण नहीं हो सका है। महुई, बभनपुर के पास पुलिया का एप्रोच अब तक सही नहीं किया जा सका है।

यह भी पढ़ें- देवरिया में अमृतसर एक्सप्रेस के आगे आया युवक, दोनों पैर कटे; गोरखपुर रेफर

सिकरीगंज से उरुवा तक कई जगहों पर नाला अधूरा है। सिकरीगंज में भूमिधर अंडरपास के पास नाला के लिए मिट्टी की खोदाई की गई है लेकिन निर्माण नहीं हो रहा है। मलाव गांव के गेट से मलाव बाग तक दो सौ मीटर लंबाई में नाला का निर्माण अभी शुरू ही नहीं हो सका है।

बिजली के पोल भी नहीं हटाए गए
रामजानकी मार्ग पर कई जगह बिजली के पुराने पोल अब तक नहीं हटाए जा सके हैं। कई जगह पोल नाले में लगे हुए हैं। गोला कस्बा में बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइट तो लगा दी गई है लेकिन यह जलती नहीं हे। इससे शाम ढलते ही सड़क पर अंधेरा हो जाता है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बाबा को न्याय दिलाने के लिए पोती की लड़ाई, एसएसपी के हस्तक्षेप से मिली सफलता



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।