Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP के सभी जिला मुख्यालयों से दौड़ेंगी राजधानी एक्सप्रेस बसें, लखनऊ व दिल्ली जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Tue, 10 Jan 2023 03:09 PM (IST)

    गोरखपुर सहित देवरिया कुशीनगर महराजगंज बस्ती सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर सहित उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों से राजधानी एक्सप्रेस बसें चलाई जाएंगी। ऐसे में शहर के साथ ही गांव के लोगों को भी देश व प्रदेश के राजधानी पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी।

    Hero Image
    जिला मुख्यालयों से चलेंगी राजधानी एक्सप्रेस बसें।

    गोरखपुर, जागरण संवाददाता। राजधानी लखनऊ और दिल्ली आवागमन करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें जिला मुख्यालयों पर ही राजधानी जाने वाली रोडवेज की स्पेशल बस मिल जाएंगी, जो लखनऊ से एक दिन के अंदर तथा दिल्ली से दूसरे दिन वापस पहुंचा देंगी। इसके लिए गोरखपुर सहित देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीर नगर सहित प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों से रोडवेज की एक-एक राजधानी एक्सप्रेस चलाई जाएगी। शासन की पहल पर परिवहन निगम ने बस संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। खिचड़ी बाद बसों का संचालन शुरू करने की योजना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नई बस सेवा से शहर के साथ गांव भी सीधे राजधानी से जुड़ेंगे

    नई बस सेवा से शहर ही नहीं कस्बा और गांव भी प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ जाएंगे। हालांकि, राजधानी से 300 किमी के अंदर पड़ने वाले जिला मुख्यालयों से यह बस सेवा संचालित नहीं होगी। जानकारों का कहना है कि बसें नए कलेवर में होंगी। बसों का रंग भी बदल जाएगा। बसें सुविधा संपन्न और सीटें आरामदायक होंगी। यह बसें भी बाईपास सेवा की तरह चलेंगी। यानी, शहर के अंदर स्थित डिपो में बिना खड़े हुए सीधे रन थ्रू चलाई जाएंगी। इससे यह 20 प्रतिशत कम समय में ही गंतव्य पर पहुंच जाएंगी।

    अधिकृत ढाबों पर अनिवार्य रूप से रुकेंगी बसें

    इनकी समय सारिणी ऐसी निर्धारित होगी कि एक दिन में लखनऊ व दो दिन में दिल्ली से यात्रियों को लेकर वापस हो जाएं। बसें रास्ते में अधिकृत ढाबों पर अनिवार्य रूप से रुकेंगी, जहां यात्रियों को अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी। इन बसों से यात्रा करने वाले लोगों को सामान्य से दस प्रतिशत अधिक किराया देना होगा। यात्री काउंटर के अलावा ऑनलाइन भी टिकट बुक कर सकेंगे। गोरखपुर से लखनऊ का सामान्य किराया 362 और दिल्ली का 969 रुपये लगते हैं।

    गोरखपुर से सुबह 05.30 बजे होगी रवाना

    गोरखपुर डिपो ने लखनऊ राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा की समय सारिणी निर्धारित कर ली है। बस सुबह 05.30 बजे रवाना हो 11 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से शाम 04.00 बजे रवाना होकर रात 09.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    गोरखपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेश चंद्र ने बताया कि मुख्यालय लखनऊ के दिशा-निर्देश पर राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा के संचालन को लेकर तैयारी चल रही है। गोरखपुर से जल्द ही शुरुआत हो जाएगी। यह बस सामान्य से आधा घंटे पहले लखनऊ पहुंचेगी। इससे लोगों को सहूलियत मिलेगी।