रेलवे बोर्ड का सख्त निर्देश: अब तय सीमा से ज्यादा काम नहीं, विश्राम जरूरी
रेलवे बोर्ड ने रनिंग स्टाफ और अन्य परिचालन कर्मचारियों के लिए निर्धारित कार्य अवधि, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। यह कदम कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सतर्कता और रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है, जिससे मनमाने काम पर रोक लगेगी।

रेलवे बोर्ड ने दिया निर्देश, विश्राम और ड्यूटी रोस्टर का करना होगा पालन। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे में रनिंग स्टाफ और अन्य परिचालन श्रेणियों के कर्मचारियों से निर्धारित कार्य अवधि से अधिक काम लेने और उनके विश्राम में कटौती करने पर रोक लगेगी। कर्मचारियों की कमी या परिचालन संबंधी आपात परिस्थितियों का हवाला देकर निर्धारित विश्राम के नियमों की अनदेखी नहीं की जा सकेगी। 16 नवंबर, 2026 को पत्र लिखकर रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे को कार्य अवधि, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रेलवे अधिनियम, 1989 और रेलवे सेवक (कार्य के घंटे एवं विश्राम अवधि) नियम, 2005 के तहत निर्धारित प्रावधानों का पालन अनिवार्य है। कर्मचारियों की कमी या परिचालन की आपात स्थिति को विश्राम संबंधी नियमों में छूट देने का आधार नहीं बनाया जा सकता।
रेलवे बोर्ड ने कहा है कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण की सुरक्षा के साथ उनकी सतर्कता बनाए रखने के लिए पर्याप्त विश्राम बेहद जरूरी है। इसका सीधा संबंध रेल परिचालन की सुरक्षा और सुचारु संचालन से है। थकान की स्थिति में काम करने से कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सतर्कता प्रभावित हो सकती है, जिससे परिचालन सुरक्षा पर भी असर पड़ने की आशंका रहती है।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को वास्तविक स्थिति की समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि रनिंग स्टाफ तथा अन्य परिचालन श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए निर्धारित कार्य अवधि, ड्यूटी रोस्टर और विश्राम के नियमों का पूरी तरह पालन हो। इस निर्देश से लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर सहित परिचालन से जुड़ी अन्य श्रेणियों के कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में 70 लाख की चोरी में महिला गिरफ्तार, पति की तलाश जारी
रेलवे कर्मचारियों के निर्धारित कार्य घंटे और विश्राम का मुद्दा नेशनल फेडरेशन आफ इंडियन रेलवे (एनएफआइआर) ने उठाया था। फेडरेशन ने 17 अक्टूबर, 2026 को रेलवे बोर्ड को अभ्यावेदन देकर रनिंग स्टाफ सहित अन्य परिचालन श्रेणियों के कर्मचारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार ड्यूटी और पर्याप्त विश्राम दिलाने की मांग की थी। इसमें कर्मचारियों की कमी के चलते परिचालन स्तर पर आ रही कठिनाइयों और ड्यूटी रोस्टर के अनुपालन में हो रही दिक्कतों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।