पदों की बाढ़ में पूर्वोत्तर रेलवे सूखा, 3500 भर्ती बढ़ीं, लेकिन एनईआर के हिस्से सिर्फ 105
भारतीय रेलवे में सहायक लोको पायलट के 3,500 पद बढ़ाए गए हैं, जिससे कुल भर्ती 14,627 पदों पर होगी। इसके ...और पढ़ें

HighLights
भारतीय रेलवे में एएलपी के 3,500 पद बढ़ाए गए।
पूर्वोत्तर रेलवे को मात्र 105 पद, कोई वृद्धि नहीं।
गोरखपुर में लोको पायलटों की भारी कमी बनी हुई।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेलवे बोर्ड ने भारतीय रेलवे स्तर पर सहायक लोको पायलट (एएलपी) की भर्ती में और 3,500 पद बढ़ा दिया है। 19 फरवरी, 2026 को जारी 11,127 की जगह अब 14,627 पदों पर भर्ती होगी। इनके लिए रेलवे बोर्ड को 8,40,944 आवेदन भी मिल चुके हैं। पदों की संख्या बढ़ने के बाद भी पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) उपेक्षित ही रहा है।
एनईआर के हिस्से सिर्फ 105 पद ही आए हैं, एक भी पद नहीं बढ़े हैं। पूर्वोत्तर रेलवे का मुख्यालय गोरखपुर 21 रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय में 20वें पायदान पर स्थित है। यह तब है जब गोरखपुर पश्चिम में ही (लखनऊ मंडल) लोको पायलटों की भारी कमी है। पैसेंजर लोको पायलटाें से मालगाड़ियां और गुड्स लोको पायलटों से स्टेशन पर शंटिंग का कार्य कराया जा रहा है।
नए दिशा-निर्देशों के क्रम में रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर समेत 21 रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालयों के स्वीकृत पद और आवेदनों का आवंटन सुनिश्चित कर दिया है। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे के खाते में पिछला आवंटित पद ही शामिल है, वहीं अन्य जोन के भर्ती बोर्ड कार्यालयों के पद बढ़ गए हैं। सिकंदराबाद को 2,039, रांची को 1,856, काेलकाता को 1,431, मुंबई को 1,374 तथा भुवनेश्वर को 1,251 पद स्वीकृत हुए हैं।
इनमें सबसे कम त्रिवेंद्रम को 64 तथा गोरखपुर को 105 पद मिले हैं। गोरखपुर में ही यात्री ट्रेनों को चलाने के लिए प्रतिदिन 124 लोको पायलट क्रू की जरूरत है, जबकि करीब 92 ही तैनात हैं। आल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के सहायक महामंत्री बसंत लाल चतुर्वेदी कहते हैं कि लोको पायलटों को न छुट्टी मिल रही और न पर्याप्त विश्राम मिल पा रहा। संरक्षा प्रभावित होने की आशंका बढ़ती ही जा रही है। रेलवे बोर्ड को संज्ञान लेना होगा। इस प्रकरण को स्थायी वार्ता तंत्र की बैठक में उठाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों सीएम योगी देंगे टैबलेट, वेबसाइट पर जारी हुई छात्रों की लिस्ट
गोरखपुर में एएलपी भर्ती की चल रही है सीबीआइ जांच
रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय गोरखपुर में एएलपी भर्ती में फर्जीवाड़ा की सीबीआइ जांच चल रही है। सीबीआइ टीम ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद विवेचना भी शुरू कर दी है। सीबीआई रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय में वर्ष 2018-19 में सहायक लोको पायलटों की भर्ती के साथ नियुक्ति में फर्जीवाड़ा की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- राबड़ी देवी के घर में बिजली चोरी: शाम होते ही 12 घंटे तक बंद रहता था मीटर, गत्ता बनाने में हो रहा था इस्तेमाल
इस फर्जीवाड़ा में कई अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की गाज गिर चुकी है। रेलवे भर्ती बोर्ड के तत्कालीन चेयरमैन पीके राय और कार्यालय सहायक वरुण राज मिश्रा सेवामुक्त हो चुके हैं। विनय कुमार श्रीवास्तव आदि कर्मचारियों के खिलाफ जांच चल रही है। रेलवे भर्ती बोर्ड कार्यालय ने एएलपी की भर्ती के लिए दोगुणा विज्ञापन निकाल दिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।