विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राबड़ी देवी के घर में बिजली चोरी: शाम होते ही 12 घंटे तक बंद रहता था मीटर, गत्ता बनाने में हो रहा था इस्तेमाल

Published: Sat, 14 Nov 2026 09:32 PM (IST)

गोरखपुर में राबड़ी देवी के घर में बिजली चोरी कर गत्ता बनाने का खुलासा हुआ है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. राबड़ी देवी के घर में बिजली चोरी का पर्दाफाश।

  2. गत्ता बनाने के लिए मीटर बाईपास कर रहे थे।

  3. बेटे जीतेंद्र सिंह पर एफआईआर दर्ज की गई।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। राप्तीनगर ओल्ड उपकेंद्र से जुड़े भगवानपुर में उपभोक्ता राबड़ी देवी के परिसर में चोरी की बिजली से गत्ता बनाने का पर्दाफाश हुआ है। गत्ता बनाने के लिए शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक मीटर को बाईपास कर दिया जाता था, इससे बिजली की खपत शून्य हो जाती थी।

48 किलोवाट क्षमता के कनेक्शन पर 12 घंटे शून्य खपत रहने पर पिछले दिनों अभियंताओं ने उपभोक्ता के मीटर की कई महीनों की एमआरआई की जांच की। पता चला कि क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं के मीटर में रात में खपत रहती थी, लेकिन राबड़ी देवी के परिसर में उत्पादन के बाद भी बिजली नहीं खर्च होती थी।

इसके बाद पांच अभियंताओं की टीम ने रात 9:25 बजे छापा मारा। तीन घंटे चली जांच के बाद उपभोक्ता के बेटे जीतेंद्र सिंह पर एंटी थेफ्ट बिजली थाना में एफआइआर दर्ज करा दी गई है। अभियंताओं ने मीटर जब्त करते हुए परिसर में नया स्मार्ट मीटर स्थापित कर दिया है।

अधीक्षण अभियंता शहर रणजीत चौधरी ने बताया कि पिछले कुछ महीने की एमआरआई रिपोर्ट के विश्लेषण में यह पाया गया कि उस क्षेत्र के अन्य उपभोक्ताओं की तुलना में राबड़ी देवी द्वारा कम अवधि में बिजली का उपभोग किया जा रहा है।

इसके बाद राप्तीनगर ओल्ड के अवर अभियंता सत्यम श्रीवास्तव, एसडीओ सत्येन्द्र कुमार, सहायक अभियंता मीटर अमित कुमार द्विवेदी, मानबेला के अवर अभियंता नित्यानन्द, अवर अभियंता मीटर विद्यासागर, अवर मीटर परीक्षक दिनेश पांडेय व फराज अहमद और संविदाकर्मी सुरेन्द्र की टीम बनाकर रात में परिसर में छापा मारने के निर्देश दिए गए।

उपभोक्ता के कनेक्शन नंबर -9580755458 पर स्वीकृत भार 48 किलोवाट था। औद्योगिक श्रेणी के इस कनेक्शन की परिसर में जांच की गई तो दो मीटर मीटर लगे मिले। पोल मीटर नो डिस्प्ले मिला, लेकिन मेन मीटर चालू था। मेन मीटर के आउटपुट से निकले फेज व न्यूट्रल वाले तार के आगे कटआउट लगे मिले।

न्यूट्रल वाले तार का कटआउट को निकालते ही मेन मीटर का डिस्प्ले आफ हो जा रहा है लेकिन बिजली मिलती रहती थी। लेकिन न्यूट्रल तार में कटआउट लगाते ही मीटर डिस्प्ले आन हो रहा था। उपभोक्ता द्वारा न्यूट्रल में छेड़छाड़ कर बिजली चोरी की जा रही थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।