विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर: लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों से 25000 रुपये में खरीदी पिस्टल, पांच महीने बाद हुआ गिरफ्तार

By Satish Kr PandeyEdited By: Abhishek Saxena
Published: Tue, 17 Nov 2026 01:42 PM (IST)

गोरखपुर पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े असलहा तस्कर से पिस्टल खरीदने वाले कृष्णा सिंह उर्फ काका को गिरफ्तार ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से खरीदी गई पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

  2. कुशीनगर के कृष्णा सिंह उर्फ काका को गोरखपुर में दबोचा गया

  3. पुलिस हथियार के मकसद और संभावित आपराधिक उपयोग की जांच कर रही

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। लारेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े असलहा तस्कर से पिस्टल खरीदने वाले युवक को कैंट थाना पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार किया। कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र स्थित भलुही गांव निवासी कृष्णा सिंह उर्फ काका के पास से .32 बोर की पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने यह पिस्टल पांच माह पहले 25 हजार रुपये में कैंट क्षेत्र में पकड़े गए श्रेयांश यादव से खरीदी थी।

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसने हथियार किस मकसद से खरीदा था और कहीं किसी आपराधिक घटना में इसका इस्तेमाल तो नहीं हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, कृष्णा सिंह उर्फ काका के विरुद्ध कुशीनगर जिले में मारपीट के दो मुकदमे दर्ज हैं। असलहा तस्करी के मामले में श्रेयांश यादव की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस उसकी ओर से हथियार खरीदने वालों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में कृष्णा का नाम सामने आया। सोमवार रात रेलवे स्टेशन के पास उसकी गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क में हथियारों की खरीद-फरोख्त की एक और कड़ी जुड़ गई।

रेलवे स्टेशन के पास कैंट थाना पुलिस ने कुशीनगर के युवक को दबोचा

पूर्वांचल में सक्रिय लारेंस बिश्नोई व गोल्डी बराड़ गिरोह के असलहा तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश 14 सितंबर को हुआ था। एसटीएफ और कैंट पुलिस ने विंध्यवासिनी पार्क के पास से श्रेयांश यादव उर्फ बबलू समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से चार पिस्टल, एक रिवाल्वर, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ में पता चला था कि मध्य प्रदेश के सेंधवा और हरियाणा के सोनीपत से हथियार लाकर गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया और महराजगंज समेत पूर्वांचल के जिलों में सप्लाई किए जा रहे थे।

पिस्टल और कारतूस बरामद, 14 सितंबर को एसटीएफ ने पकड़ा था गिरोह 

कैंट थाने में दर्ज असलहा तस्करी के मुकदमे में 31 आरोपित नामजद हैं। पुलिस और एसटीएफ अब तक कई आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। कृष्णा की गिरफ्तारी से जांच का दायरा हथियारों की सप्लाई करने वालों से आगे बढ़कर खरीदारों तक पहुंच गया है। पुलिस अब श्रेयांश से पिस्टल खरीदने वाले अन्य लोगों की पहचान और हथियारों के इस्तेमाल की जानकारी जुटा रही है।

बिट्टू इंदौरी की गिरफ्तारी से सामने आया था सेंधवा कनेक्शन

नेटवर्क की जांच के दौरान मध्य प्रदेश के बिट्टू इंदौरी उर्फ देवेंद्र सक्सेना की भूमिका सामने आई थी। एसटीएफ ने 31 अक्टूबर को उसे कैंट क्षेत्र के कौवाबाग अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से दो पिस्टल और मैगजीन बरामद हुई थीं। पूछताछ में पता चला था कि वह सेंधवा के स्थानीय कारीगरों से पिस्टल खरीदकर पूर्वांचल में सप्लाई करता था।

सेंधवा जेल में श्रेयांश से मुलाकात के बाद दोनों के बीच संपर्क बना था। श्रेयांश की गिरफ्तारी के बाद भी उसके भाई रणधीर यादव के बुलाने पर बिट्टू दो पिस्टल लेकर गोरखपुर पहुंचा था।

यह भी पढ़ें- अलीगढ़ एसएसपी नीरज जादौन का बड़ा एक्शन: 8 सब इंस्पेक्टरों के कार्यक्षेत्र बदले, 21 पुलिस लाइन भेजे

यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में DM अविनाश कुमार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 15 SDM-तहसीलदार व नायब तहसीलदारों का तबादला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।