विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे के ल‍िए भूम‍ि अध‍िग्रहरण की प्रक्रिया शुरू, यूपी के इन ज‍िलों को स‍िलीगुड़ी से जोड़ेगी यह सड़क

By Pradeep SrivastavaEdited By:
Published: Tue, 10 May 2022 08:05 AM (IST)Updated: Tue, 10 May 2022 09:50 PM (IST)

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे के ल‍िए गोरखपुर व देवर‍िया में जमीन अध‍िग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 519 किलोमीटर लंबे एक्‍सप्रेस ...और पढ़ें

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्‍सप्रेस वे के ल‍िए भूम‍ि अध‍िग्रहरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्‍सप्रेस वे के ल‍िए भूम‍ि अध‍िग्रहरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर के जगदीशपुर से शुरू होकर सिलीगुड़ी तक बनने वाले एक्सप्रेस-वे की कवायद तेज हो गई है। मेसर्स एलएन मालवीय इंफ्रा प्रोजेक्टस प्राइवेट लिमिटेड भोपाल ने डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर लिया है। जल्द ही इसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को सौंपेगा। इसको देखते हुए जनपद में भूमि अधिग्रहण के लिए सक्षम प्राधिकारी नियुक्त किए जाने की तैयारी है। इसके लिए एनएचएआइ गोरखपुर के परियोजना निदेशक सीएम द्विवेदी की तरफ से जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। इस सड़क के बनने से पूर्वांचल और विहार से सिलीगुड़ी जाने वाले लोगों को काफी फायदा होगा। 

देवरिया में 21 से 25 गांवों से होकर गुजरेगी एक्सप्रेस वे

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे की कुल प्रस्तावित लंबाई करीब 519 किलोमीटर है, जिसमें 84 किलोमीटर हिस्सा यूपी यानी गोरखपुर, देवरिया व कुशीनगर जनपद में पड़ेगा। चार लेन वाले इस एक्सप्रेस-वे की शुरुआत गोरखपुर में प्रस्तावित र‍िंग रोड के कनेक्‍ट‍िंग प्वाइंट जगदीशपुर से होगी। जो सदर तहसील के 21 से 25 गांवों से होकर कुशीनगर के तमकुहीराज तहसील के गांवों से होकर बिहार के गोपालगंज जनपद में प्रवेश करेगी। देवरिया में करीब 150 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण किए जाने की तैयारी है। एक्सप्रेस-वे का पूरा हिस्सा ग्रीनफील्ड होगा। इसका निर्माण आबादी वाले क्षेत्रों से हटकर किया जाना प्रस्तावित है। यह गोपालगंज जनपद में प्रवेश कर सिवान, छपरा, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, पूर्णिया व किशनगंज होते हुए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जाएगा।

भारतमाला योजना के तहत होगा निर्माण

इस परियोजना का निर्माण भारतमाला योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। जनपद में आर्थिक गलियारा एवं इंटर कारिडोर, फोरलेन सड़क आदि का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण, अनुरक्षण, प्रबंध व परिचालन के लिए केंद्र सरकार के नेशनल हाइवे एक्ट के तहत भूमि अधिग्रहण की जानी है।

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस वे देवरिया के किन गांवों से होकर जाएगी, इसका ब्योरा अभी एनएचएआइ ने उपलब्ध नहीं कराया है। भूमि अधिग्रहण के लिए सक्षम प्राधिकारी की नियुक्ति के संबंध में पत्र आया है। डीएम के स्तर से किसी एसडीएम की नियुक्ति जाएगी। - आनंद कुमार नायक, तहसीलदार सदर व उप भूमि अध्याप्ति अधिकारी।