राष्ट्रपति का गोरखपुर दौरा: एम्स के पहले दीक्षा समारोह में 8 डाक्टरों व छात्रों को 9 गोल्ड मेडल देंगी President
गोरखपुर एम्स में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के आगमन से दीक्षा समारोह में उत्साह का माहौल है। वह आठ डाक्टरों और छात्रों को गोल्ड मेडल प्रदान करेंगी। सांसद रविकिशन शुक्ल ने तैयारियों का जायजा लिया। राष्ट्रपति 1 घंटा 10 मिनट तक परिसर में रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है और केवल पासधारकों को ही प्रवेश मिलेगा। मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। एम्स गोरखपुर के पहले दीक्षा समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 1:10 घंटे रहेंगी। वह कसया रोड स्थित गेट नंबर एक से एम्स परिसर में दाखिल होंगी और सीधे आडिटोरियम पहुंचेंगी। इसी गेट से निकलकर वह वापस सर्किट हाउस जाएंगी। दीक्षा समारोह के मंच पर राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, सांसद रविकिशन शुक्ल, एम्स के चेयरमैन देशदीपक वर्मा और कार्यकारी निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) डा. विभा दत्ता मौजूद रहेंगी। रोगियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए गेट नंबर दो खुला रहेगा।
दीक्षा समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने में एम्स प्रशासन दिन-रात लगा हुआ है। सांसद रविकिशन शुक्ल ने रविवार शाम कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीएम कृष्णा करुणेश और कार्यकारी निदेशक के साथ आडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। कहा कि मोदी-योगी युग की उपलब्धियों का गोरखपुर जीवंत उदाहरण है। महायोगी गुरु गोरक्षनाथ की तपोभूमि पर राष्ट्रपति का आगमन क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण व ऐतिहासिक क्षण है। यह सभी के लिए सम्मान का विषय है। राष्ट्रपति गोरखपुर पहुंचकर यहां के विकास का साक्षात अनुभव करेंगी।
2:45 बजे के बाद सिर्फ राष्ट्रपति ही आएंगी
एम्स के गेट नंबर एक से दोपहर बाद 2:45 बजे से ही पासधारकों को जाने की अनुमति दी जाएगी। इनमें फैकल्टी, विशिष्ट अतिथि, छात्रों के स्वजन शामिल हैं। इसके बाद इस गेट से किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। राष्ट्रपति ही प्रवेश करेंगी। आडिटोरियम तक जाने के दूसरे मार्गों को बंद किया जा रहा है। इस क्षेत्र में सिर्फ पासधारकों को ही रहने दिया जाएगा। बिना पास वालों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
दीक्षांत परेड में शामिल होंगी, ग्रुप फोटो होगी
राष्ट्रपति 4:20 बजे एम्स पहुंचेंगी। इसके बाद 10 मिनट रिजर्व रहेगा। शाम 4:30 बजे राष्ट्रपति दीक्षांत परेड में शामिल होंगी और फैकल्टी व छात्रों के साथ अलग-अलग ग्रुप फोटो में शामिल होंगी। मंच पर वह मेडल देने के बाद दीक्षांत भाषण देंगी।
इनको मिलेंगे मेडल
शिक्षा नाम गोल्ड मेडल विशेषता
- एमबीबीएस कार्तिक अरोड़ा इंस्टीट्यूट बेस्ट ग्रेजुएट
- एमबीबीएस कार्तिक अरोड़ा चरक मेडिसिन में सबसे ज्यादा अंक
- एमबीबीएस मानस पंत सुश्रुत सर्जरी में सबसे ज्यादा अंक
- एमबीबीएस आजमी अमीना अय्याज डा. केसी चौधरी पीडियाट्रिक्स में सबसे ज्यादा अंक
- एमबीबीएस पर्ल यादव डा. वीएन शिरोडकर स्त्री एवं प्रसूति रोग में ज्यादा अंक
- एमबीबीएस श्वेता कुमारी डा. वीएन शिरोडकर स्त्री एवं प्रसूति रोग में ज्यादा अंक
- एमबीबीएस आदित्य पांडेय डा. सुशीला नैय्यर कम्युनिटी व फैमिली मेडिसिन में अंक
- एमएससी मेडिकल सौम्या पांडेय गोल्ड मेडल सर्वाधिक अंक
- एमएससी नर्सिंग वैभव शर्मा गोल्ड मेडल सर्वाधिक अंक
ये हैं विभूतियां
चरक - आयुर्वेद चिकित्सा के जनक
सुश्रुत - सर्जरी के जनक
डा. केसी चौधरी - भारतीय बाल चिकित्सा के जनक
डा. वीएन शिरोडकर - महिला रोगों के उपचार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिरोडकर टांका का आविष्कार किया।
डा. सुशीला नैय्यर - भारत में सार्वजनिक स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, सामाजिक और ग्रामीण पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चार बार सांसद रहीं। वर्ष 1962 से 1967 तक केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री भी रहीं। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की सहयोगी थीं।
यहां के रहने वाले हैं मेधावी
डा. कार्तिक अरोड़ा मारवाड़ राजस्थान, डा. मानस पंत देहरादून, डा. पर्ल यादव अलवर राजस्थान, श्वेता कुमारी बीएसएनएल टेलीफोन एक्सचेंज कालोनी देवरिया, डा. अमीना आजमी अय्याज मुंबई और डा. आदित्य पांडेय सोनभद्र के रहने वाले हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।