Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रभु यीशु की याद में विश्वासियों ने की पूजा-प्रार्थना

    By JagranEdited By:
    Updated: Sun, 01 Apr 2018 01:33 AM (IST)

    गोरखपुर : ईस्टर डे की पूर्व संध्या पर शनिवार को गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोि ...और पढ़ें

    Hero Image
    प्रभु यीशु की याद में विश्वासियों ने की पूजा-प्रार्थना

    गोरखपुर : ईस्टर डे की पूर्व संध्या पर शनिवार को गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गई। मसीही विश्वासियों ने प्रभु यीशु के पुनर्जीवित होने की याद में पूजा-अर्चना की। प्रवचन के माध्यम से प्रभु यीशु के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। प्रार्थना सभाओं में सभी के कल्याण की कामना की गई और दूसरों के सुख के लिए कष्ट सहने का संकल्प लिया गया। रात के 12 बजते ही ईस्टर डे की बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया। केक काटा गया। प्रभु के पुनर्जीवित होने की खुशियां मनाई गई। लोगों ने पटाखे फोड़े।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रात 10 बजे सेंट जोसफ स्कूल से कैंडल जुलूस के साथ विश्वासी सेंटजोसफ महागिरजाघर में आए। ज्योति का गुणगान किया गया। इसके बाद बाइबिल के एक अंश का पाठ हुआ। पल्ली पुरोहित फादर सिबिचन ने रात 12 बजे मिस्सा बलिदान पूजा कर विश्व मंगल की कामना की। तत्पश्चात केक काटा गया और केक व अंडा विश्वासियों को प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया। फादर सिबिचन ने कहा कि अंडा नए जीवन का प्रतीक है। इस अवसर पर फादर पौली, रोजर, बेन्नी, सतीश, जोसी, जोस, सिस्टर दिव्या, फिल्सी, हेलेन, ऐलसा, डेनिस पाल, विलियम, इयान सिरिल, सूरज, स्टीफेन आदि की सहभागिता रही। सेंट एंथोनी चर्च धर्मपुर तथा पादरी बाजार में पूर्व बिशप डोमिनिक कोक्कट व बिशप थामस थुरुथिमट्टम के नेतृत्व में जागरण मिस्सा पूजा आयोजित हुई। सेंट एंथोनी चर्च धर्मपुर में रात 10.30 बजे नई आग, पास्का मोमबत्ती, जल का आशीष, शब्द समारोह, समारोहिक मिस्सा व ईस्टर मिलन धूमधाम से किया गया। इसके पूर्व लिटिल फ्लावर स्कूल से मोमबत्ती जुलूस निकाला गया जो चर्च पहुंचकर प्रार्थना सभा में बदल गया।

    सेंट जान चर्च बशारतपुर में प्रभु यीशु के पुनर्जीवित होने की झांकियां निकाली गईं। बड़ी संख्या में विश्वासियों ने झांकियों का दर्शन कर प्रभु के चरणों में अपनी आस्था व श्रद्धा निवेदित की। पुरोहित रेव्ह. संजय विंसेंट ने सभी को आशीष दिया। क्राइस्ट चर्च, शास्त्री चौक में रेव्ह. डीआर लाल के नेतृत्व में चेन बाइबिल रीडिंग का कार्यक्रम आयोजित किया गया, लोगों ने पवित्र शास्त्र बाइबल का पाठ किया। अंत में शासन-प्रशासन समेत पूरी दुनिया में अमन- चैन के लिए प्रार्थना की गई। इसके अलावा सेंट मार्क चर्च पादरी बाजार, सेंटएंड्रयूज चर्च कौवाबाग, एचईएम खजांची बाजार, सेंट थामस चर्च, धर्मपुर आदि गिरजाघरों में भी प्रार्थना सभाएं आयोजित कर प्रभु यीशु को याद किया गया।

    -------------------

    आज निकलेगा जुलूस

    ईस्टर डे पर रविवार को सायं चार बजे से प्रभु यीशु मसीह की जीवंत झाकी के साथ सेंट जान चर्च बशारतपुर से जुलूस निकाला जाएगा जो क्राइस्ट चर्च शास्त्री चौक पर आकर खत्म होगा। यह जानकारी वीपी अलेक्जेंडर ने दी।

    ---------------

    गूंजे प्रभु जन्म के गीत

    प्रभु यीशु मसीह के पुनर्जीवित होने की खुशी में शनिवार की आधी रात महानगर के सभी मसीही मोहल्लों से सजी-धजी बैलगाड़ी पर झांकी सजाकर विश्वासी प्रभु जन्म के गीत गाते हुए सेंट जान स्कूल, बशारतपुर के प्ले ग्राउंड में पहुंचे। वहा कव्वाली व झाकी की प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसके पूर्व सभी कब्रिस्तानों की सफाई कर रंगाई-पोताई की गई। रोशनी से पूरा कब्रिस्तान जगमगा उठा। मसीही समुदाय के लोगों ने अपने पूर्वजों की कब्र पर जाकर फूल- माला चढ़ाई और अगरबत्ती जलाकर प्रार्थना की।