तोहफा: गोरखपुर रेलवे जंक्शन पर 'पॉड होटल' को मिली हरी झंडी, यात्रियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं
गोरखपुर रेलवे स्टेशन से आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है। मुंबई की तर्ज पर यहां भी पाड होटल का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण को मंजूरी मिल गई है। पाड होटल बनने के बाद यात्री रिटायरिंग रूम की तरह रेलवे स्टेशन पर घंटे के हिसाब से ठहर सकेंगे। उन्हें कमरे में ही खानपान और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल जाएंगी।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जंक्शन पर ‘पाड होटल’ को हरी झंडी मिल गई है। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय में भी मुंबई की तर्ज पर जल्द ही पाड होटल का निर्माण शुरू हो जाएगा। प्लेटफार्म नंबर नौ के हैंगिंग वेटिंग हाल में 653 वर्ग मीटर में होटल खुलेगा, जिसमें छोटे-छोटे केबिननुमा (कैप्सूल की तरह) बेडयुक्त कमरे होंगे। यात्री रिटायरिंग रूम की तरह रेलवे स्टेशन पर घंटे के हिसाब से ठहर सकेंगे। उन्हें कमरे में ही खानपान और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल जाएंगी। होटल के पास ही खाली पड़े फूड प्लाजा में कैफेटेरिया खुलेगा। लखनऊ मंडल प्रशासन ने होटल चलाने के लिए असोम की एक एजेंसी को दस साल के लिए नामित कर दिया है।
भारतीय रेलवे के मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर पहले पाड होटल की शुरुआत हुई थी। अब गोरखपुर में खोलने की कवायद शुरू हो गई है। पाड होटल में यात्रियों को ठहरने के साथ सस्ती दर पर खानपान की भी सुविधा मिल जाएगी। यात्रियों को राहत तो मिलेगी ही, रेलवे की आमदनी भी बढ़ेगी। जानकारों के अनुसार पाड होटल बनने के साथ ही किराया आदि भी निर्धारित कर दिया जाएगा। गोरखपुर जंक्शन पर ठहरने की समुचित व्यवस्था नहीं है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) के अधीन 17 में से सिर्फ तीन रिटायरिंग रूम ही चल रहे हैं। 31 डारमेट्री से काम चल रहा है।
क्या है पाड होटल
पाड होटल में विश्राम के लिए कंपार्टमेंट की तरह पुरुष, महिला और दिव्यांगजन जन के लिए छोटे-छोटे कमरे बने होते हैं। कमरों में होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं। इसमें फ्री वाईफाई, वाशरूम, लगेज रूम, शावर रूम, कामन एरिया जैसी सुविधाएं मिलती हैं। टेलीविजन, चार्जिंग प्वाइंट और पढ़ने के लिए रीडिंग लाइट की भी व्यवस्था रहती है। यह रिटायरिंग रूम की अपेक्षा सस्ता होता है।
क्या कहते हैं अधिकारी
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने कहा कि लखनऊ मंडल प्रशासन ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर स्लीपिंग पाड लगाने के लिए एक कांट्रैक्ट फाइनल किया है। इसके लग जाने से यह आधुनिक सुविधा गोरखपुर में भी उपलब्ध होगी। यह व्यवस्था मुंबई मंडल में चल रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।