विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2027 के रण से पहले सीएम योगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे पंकज चौधरी के घर, रात्रिभोज में हुए शामिल

By Rakesh RaiEdited By: Vivek Shukla
Published: Thu, 05 Nov 2026 11:26 AM (IST)

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने गोरखपुर में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के ...और पढ़ें

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री प्रदेश अध्यक्ष भाजपा पंकज चौधरी के घर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सूवि

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री प्रदेश अध्यक्ष भाजपा पंकज चौधरी के घर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सूवि

HighLights

  1. रात्रिभोज में नितिन नवीन, योगी आदित्यनाथ ने की चुनाव रणनीति पर चर्चा।

  2. विपक्ष पर साधा निशाना, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर दिया जोर।

  3. गोरखपुर में भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू की।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। एनेक्सी भवन में दिनभर चली बैठकों के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार की देर रात प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के हिन्दी बाजार स्थित आवास पर रात्रिभोज के लिए पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े और उत्तर प्रदेश की सह प्रभारी मेघा कुलकर्णी भी मौजूद रहीं। रात्रिभोज के दौरान भी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों और राजनीतिक रणनीति को लेकर बातचीत का सिलसिला जारी रहा।

इससे पहले दिन में प्रबुद्ध वर्ग से संवाद करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष को जमकर घेरा। कहा कि जनता के दुख-दर्द में खड़े नहीं होने वाले विपक्षी दल अब चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) में जब आपत्तियां दर्ज कराने का समय था, तब विपक्ष गायब रहा और अब रामलीला के मंचों से विरोध प्रदर्शन कर जनता को गुमराह करने में जुटा है।

बुधवार देर शाम एनेक्सी में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि मतदाता सूची के पारदर्शी पुनरीक्षण के लिए सभी राजनीतिक दलों को बूथ, जिला और प्रदेश स्तर पर भागीदारी का अधिकार दिया गया है। विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश को खंडित करने में जुटी विदेशी ताकतों को भाजपा सड़क से लेकर सदन तक जवाब देने के लिए तैयार है। भारत का युवा भ्रमित होने वाला नहीं है। वह देश विरोधी साजिशों से हटकर सकारात्मक कार्यों में लगा है। अभिभावकों से भी उन्होंने बच्चों को मोबाइल से दूर कर खेल के मैदान तक लाने का आह्वान किया।

प्रबुद्ध वर्ग के बीच सरकार की उपलब्धियां रखते हुए नितिन नवीन ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में "वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया" का राज था। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सत्ता के गलियारों से अपराधियों का संरक्षण समाप्त हुआ और शासन की कार्यसंस्कृति बदली। 2027 के विधानसभा चुनाव की दृष्टि से सरकार के कामकाज और विकास को उन्होंने पार्टी की राजनीतिक ताकत के रूप में प्रस्तुत किया।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर स्टेशन पर त्योहारों के लिए विशेष तैयारी, जर्मन हैंगर में होगा यात्रियों का इंतजार

गोरखपुर में बेहतर सड़क और संपर्क सुविधाओं के विकास की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस क्षेत्र को मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दिया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय और संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व संवाद संयोजक राजेश गुप्ता ने किया। आभार प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा ने जताया। इस अवसर पर गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह, महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति केआरसी रेड्डी, सह संयोजक बृजेश राम त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, अधिवक्ता, उद्यमी और व्यवसायी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने गोरखनाथ मंदिर में दर्शन किए, गोरखपुर में संगठनात्मक बैठकों में लिया भाग

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।