गोरखपुर में लिंक एक्सप्रेसवे किनारे झाड़ी में मिली नवजात बच्ची, ग्रामीण की सतर्कता से बची जिंदगी
गोरखपुर के सिकरीगंज में लिंक एक्सप्रेसवे किनारे झाड़ी में कपड़े में लिपटी एक नवजात बच्ची मिली। ग्रामीण की सूचना पर ...और पढ़ें

धोबौली अंडरपास के पास मिली बच्ची। जागरण
HighLights
गोरखपुर के सिकरीगंज में झाड़ी में मिली नवजात बच्ची।
ग्रामीण ने रोने की आवाज सुनकर पुलिस को दी सूचना।
बच्ची को उपचार के बाद चाइल्ड केयर में भेजा गया।
संवाद सूत्र, सिकरीगंज, (गोरखपुर)। लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन किनारे झाड़ी में शुक्रवार सुबह कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर टहलने निकले ग्रामीण ने उसे देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद ग्रामीणों की मदद से बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे शहर में स्थित चाइल्ड केयर में संरक्षण के लिए भेज दिया।
यह मामला सिकरीगंज थाना क्षेत्र के धोबौली अंडरपास के पास का है। धोबौली गांव निवासी अशोक कुमार साहनी सुबह पांच बजे टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्हें लिंक एक्सप्रेसवे के सर्विस लेन किनारे झाड़ियों से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जाने पर उन्होंने कपड़े में लिपटी नवजात बच्ची को पड़ा देखा।
उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के अन्य लोग भी मौके पर जुट गए। ग्रामीणों की मदद से बच्ची को पहले सिकरीगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में कोबरा के डसने से महिला की मौत, दीवार तोड़कर पकड़ा गया जहरीला सांप
वहां से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बच्ची को चाइल्ड केयर में भिजवा दिया, जहां उसे नियमानुसार संरक्षण में रखा गया है। थानाध्यक्ष आशीष कुमार दुबे ने बताया कि नवजात बच्ची को सकुशल चाइल्ड केयर में रखवा दिया गया है। नियमानुसार उसकी देखभाल और संरक्षण की व्यवस्था की गई है।
