गोरखपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश की राह आसान, नेट व जेआरएफ पास छात्रों को पात्रता परीक्षा से मिलेगी छूट
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय अब नेट और जेआरएफ उत्तीर्ण विद्यार्थियों को पीएचडी प्रवेश परीक्षा से छूट देगा। इस बदलाव से राष्ट्रीय स्तर पर योग्य शोधार्थियों का समय बचेगा और वे सीधे शोध कार्य शुरू कर पाएंगे।

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय। जागरण
HighLights
नेट-जेआरएफ पास को पीएचडी प्रवेश परीक्षा से छूट।
गोरखपुर विश्वविद्यालय शोध नियमावली में करेगा बदलाव।
योग्य छात्रों को सीधे शोध कार्य में मिलेगा प्रवेश।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। राष्ट्रीय स्तर पर शोध की पात्रता साबित कर चुके विद्यार्थियों को अब दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में दोहरी परीक्षा से नहीं गुजरना पड़ेगा। विश्वविद्यालय नेट और जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अपनी पात्रता परीक्षा से छूट देने की तैयारी कर रहा है।
इसके लिए शोध नियमावली में बदलाव किया जाएगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद नेट और जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को पीएचडी में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय की अलग से आयोजित होने वाली पात्रता परीक्षा नहीं देनी होगी।
प्रस्तावित व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि पीएचडी की सीटें खाली रहने पर ऐसे अभ्यर्थियों को वर्ष में किसी भी समय प्रवेश दिया जा सकेगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके मेधावियों को अनावश्यक इंतजार से बचाना है। अभी तक विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया के कारण इन अभ्यर्थियों को भी स्थानीय स्तर पर आयोजित पात्रता परीक्षा और उसके बाद की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।
इससे उनका समय व शोधकार्य दोनों प्रभावित होता है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि जब कोई अभ्यर्थी विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की ओर से निर्धारित राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर चुका है तो उसे दोबारा उसी योग्यता को साबित करने के लिए परीक्षा में बैठाना तर्कसंगत नहीं है।
इसी आधार पर शोध नियमावली में संशोधन की तैयारी की जा रही है। इस बदलाव से विशेष रूप से जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को लाभ होगा। उनका समय अनावश्यक प्रवेश प्रक्रिया में खर्च नहीं होगा और वे छात्रवृत्ति के साथ शोधकार्य समय से शुरू कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें- शब्दों के बिना बहुत कुछ कह गया यह श्लोक, मां के निधन पर योगी का मौन संदेश
वर्तमान में यह है व्यवस्था
वर्तमान में लागू शोध नियमावली के अनुसार जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साक्षात्कार के दौरान 30 अंकों में से 10 अंक निर्धारित किए जाते हैं, जबकि नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए पांच अंक का प्रविधान है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका मूल्यांकन किया जाता है। यह व्यवस्था विश्वविद्यालय में पिछले तीन प्रवेश चक्रों से लागू है।
यूजीसी का नियम है कि यदि किसी विद्यार्थी ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पात्रता परीक्षा में अपनी योग्यता साबित कर दी है तो उसे दोबारा इसके लिए परीक्षा देने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। यह तर्कसंगत भी नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय की पीएचडी शोध नियमावली में बदलाव करने की योजना बनाई जा रही है।
-प्रो. केपी सिंह, कुलपति, दीदउ गोरखपुर विश्वविद्यालय
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।