मिस्टर बीस्ट के वीडियो में गोरखपुर का जलवा, गुरु गोरखनाथ मंदिर में लाल रंग की लेम्बोर्गिनी की हुई पूजा
दुनिया के नंबर वन यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट के नए वीडियो में गोरखपुर का जलवा दिखा, जहाँ उनकी लाल लेम्बोर्गिनी की गुरु गोरखनाथ मंदिर में पूजा की गई।

मि. बीस्ट के यूट्यूब वीडियो का स्क्रीनग्रैब।
HighLights
मिस्टर बीस्ट के वीडियो में गोरखपुर का वैश्विक मंच पर प्रदर्शन।
लाल लेम्बोर्गिनी की गुरु गोरखनाथ मंदिर में वैदिक पूजा।
रामगढ़ताल की सुंदरता और शहर का आसमानी नजारा कैद।
संगम दूबे, गोरखपुर। दुनिया की सैर पर निकली लाल रंग की चमचमाती लेम्बोर्गिनी... उसके सामने खड़े पुजारी, हाथों में फूल-माला और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वाहन पूजन। कार के चालक जिम के माथे पर चंदन-रोली का तिलक लगा, कलाई पर कलावा बंधा तो यात्रा को बाबा गोरखनाथ का आशीर्वाद भी मिल गया।
यह कोई स्थानीय आयोजन नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट (MrBeast) के नए वीडियो का वह दृश्य है, जिसने गोरखपुर को वैश्विक मंच पर पहुंचा दिया है। जिमी डोनाल्डसन यानी मिस्टर बीस्ट के नए वीडियो में गोरखपुर की यह झलक दुनिया भर के दर्शकों को आकर्षित कर रही है।
वीडियो में गुरु गोरखनाथ मंदिर की भव्यता के साथ रामगढ़ताल की खूबसूरती भी दिखाई गई है। रिलीज के महज 20 घंटे के भीतर वीडियो को 4.3 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके थे। दुनिया के करोड़ों लोगों ने एक साथ गोरखपुर का नाम और यहां की तस्वीरें देखीं तो शहर के लोगों के लिए भी यह गर्व का क्षण बन गया।
नेपाल में आपदा ने बदला रास्ता
इस पूरे रोमांचक सफर की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। मिस्टर बीस्ट के इस चैलेंज में उनके साथी जिम और मोनिका को एक नई लाल लेम्बोर्गिनी के साथ दुनिया का चक्कर लगाना है। सफर के दौरान पैर में चोट लगने से मोनिका को कुछ समय के लिए लौटना पड़ा। इसके बाद जिम ने अकेले ही यात्रा जारी रखी।
चीन के पहाड़ी रास्तों से होते हुए नेपाल के रास्ते भारत पहुंचने की योजना थी, लेकिन नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा और बाढ़ ने रास्ता रोक दिया। करीब 100 किलोमीटर का मार्ग बाधित होने के कारण कार को सड़क से आगे ले जाना संभव नहीं था। ऐसे में विशेष विमान की व्यवस्था कर कार और जिम को गोरखपुर पहुंचाया गया। इस तरह भारत की धरती पर उनकी यात्रा का पहला पड़ाव गोरखपुर बना।
पहले बाबा का आशीर्वाद, फिर भारत की सड़कों पर सफर
भारत में अपनी यात्रा शुरू करने से पहले जिम ने सीधे श्री गोरखनाथ मंदिर का रुख किया। मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर लाल रंग की लेम्बोर्गिनी खड़ी हुई तो उसके आसपास कौतूहल का माहौल बन गया। पुजारी ने विधि-विधान से वाहन पूजन किया।
गेंदे के फूलों की माला कार पर चढ़ाई गई। इसके बाद जिम के माथे पर चंदन-रोली का तिलक लगाया गया और कलाई पर कलावा बांधकर मंगलमय यात्रा का आशीर्वाद दिया गया। जिम ने मंदिर परिसर में पहुंचकर गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन भी किया।
ड्रोन कैमरे में कैद हुई रामगढ़ ताल की खूबसूरती
वीडियो का एक और खास आकर्षण गोरखपुर का आसमानी नजारा है। ड्रोन कैमरे से शहर की चौड़ी सड़कों और आसपास के क्षेत्रों को दिखाया गया है। इसी दौरान रामगढ़ ताल की झिलमिलाती लहरें और उसका विस्तृत जलक्षेत्र भी कैमरे में कैद हुआ है।
पूर्वांचल के इस खूबसूरत पर्यटन स्थल को दुनिया भर के दर्शकों ने वीडियो के माध्यम से देखा। बाबा गोरखनाथ का आशीर्वाद लेने के बाद जिम ने सड़क किनारे रुककर स्थानीय भुट्टे का स्वाद भी चखा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी के साथ भारत की आगे की यात्रा शुरू हो गई।
दुनिया के सामने नए अंदाज में शहर की पहचान
एक तरफ दुनिया की सबसे महंगी और आकर्षक कारों में शुमार लेम्बोर्गिनी, दूसरी तरफ नाथपंथ की सदियों पुरानी आध्यात्मिक परंपरा। आधुनिक डिजिटल दुनिया और गोरखपुर की सांस्कृतिक विरासत का यह मेल अब करोड़ों लोगों की नजरों में है। गोरखनाथ मंदिर की चौखट से लेकर रामगढ़ ताल की लहरों तक, गोरखपुर की यह झलक शहर की पहचान को दुनिया के सामने नए अंदाज में पेश कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।