गोरखपुर से CM योगी आदित्यनाथ का सियासी संदेश, 'जहां लोग बंटे हैं, वहां कट भी रहे हैं'
गीडा के स्थापना दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधा, कहा कि गैर-भाजपा सरकारें आस्था नहीं, वोट बैंक की चिंता करती हैं। उन्होंने तमिलनाडु की घटना का जिक्र करते हुए यूपी के विकास, कानून-व्यवस्था और निवेश की उपलब्धियां गिनाईं।
HighLights
गैर-भाजपा सरकारें आस्था नहीं, वोट बैंक को प्राथमिकता देती हैं।
तमिलनाडु की घटना का जिक्र कर विपक्ष पर साधा निशाना।
यूपी में विकास, कानून-व्यवस्था और निवेश की उपलब्धियां गिनाईं।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औद्योगिक विकास के साथ राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी विपक्ष को घेरा। तमिलनाडु के मदुरई के पास दीपावली पर दीपक जलाने से रोके जाने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जहां लोग बंटे हैं, वहां कट भी रहे हैं। गैर भाजपा सरकारों को अपने वोट बैंक की चिंता है, आस्था की नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि तमिलनाडु में भाजपा की सरकार होती तो क्या वहां दीपक जलाने से कोई रोक पाता?
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद मदुरई के पास दीपावली पर दीपक जलाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके विपरीत अयोध्या में दीपावली से एक दिन पहले भव्य दीपोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें 36 लाख से अधिक दीपक प्रज्ज्वलित किए गए। यही अंतर भाजपा और दूसरी सरकारों के बीच है। जहां भाजपा की सरकार है, वहां हर घर में दीपक जल रहा है और चारों ओर रोशनी दिखाई दे रही है। उन्होंने तमिलनाडु की सरकार को कांग्रेस कल्चर वाली सरकार बताते हुए कहा कि उसका डीएनए समाजवादी पार्टी से मिलता-जुलता है।
रविवार को गीडा के स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुरक्षा, सुशासन, विकास, निवेश और जनकल्याण के मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा बिना रुके, बिना डिगे और बिना भेदभाव आगे बढ़ी है। इसे आगे जारी रखने के लिए लोगों को एकजुट रहना होगा। बांटने वाले लोगों से सावधान रहना होगा और उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देना है।
यूरोप की अराजकता का उदाहरण देकर यूपी की स्थिति बताई
मुख्यमंत्री ने यूरोप के कई देशों में हो रहे दंगों, आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट का उल्लेख करते हुए कहा कि पूरे यूरोप की जितनी आबादी है, अकेले उत्तर प्रदेश की आबादी लगभग उतनी है। इसके बावजूद यूपी में न लूटपाट है, न कर्फ्यू और न दंगा। यहां सब चंगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई लूटपाट या उपद्रव करने का साहस नहीं कर सकता, क्योंकि उसे पता है कि दंगा और कर्फ्यू की कीमत क्या चुकानी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार वही होती है जो बिना भेदभाव जनता की समस्याओं का समाधान करे, गरीबों का कल्याण करे और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। जनता को ऐसे लोगों को बार-बार अवसर देना चाहिए, जो विकास और जनकल्याण के लिए काम करते हैं। यह केवल आज की लड़ाई नहीं, बल्कि विकसित भारत और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को संवारने की लड़ाई है।
खराब सरकारें अपने आप में आपदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीडा की स्थापना 37 वर्ष पहले हुई थी, लेकिन इसका वास्तविक विकास पिछले 10 वर्षों में हुआ है। इससे पहले के लगभग 28 से 30 वर्ष गीडा के लिए अंधकारमय रहे। उन्होंने कहा कि खराब सरकारें अपने आप में आपदा होती हैं। जब अच्छी सरकार आती है तो लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास होता है। ऐसी सरकार उद्यमियों के लिए कारोबार करना आसान बनाती है और सामान्य नागरिक के जीवन को सुविधाजनक बनाने की दिशा में काम करती है।
उन्होंने परिवारवाद और क्षेत्रवाद पर भी निशाना साधा। कहा कि जिन लोगों को केवल अपने और अपने परिवार के विकास की चिंता होती है, वे प्रदेश का विकास नहीं करा सकते। विकास के लिए ऐसी सोच जरूरी है जो पूरे प्रदेश और देश को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाए।
गीडा में बूचड़खाना खोलने का किया था विरोध
मुख्यमंत्री ने गीडा के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2004-05 में तत्कालीन सपा सरकार यहां बूचड़खाना खोलना चाहती थी। जबरन काम शुरू कराया गया तो बतौर सांसद उन्होंने सहजनवां के कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन किया था। उस समय उन्होंने कहा था कि यदि यहां के विकास को सैफई ले जाना है तो बूचड़खाना भी वहीं ले जाइए, गोरखपुर अपना विकास खुद कर लेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद किसानों को उनकी जमीन का सम्मानजनक मुआवजा दिया गया। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ। आज गीडा में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं और 17 हजार करोड़ रुपये से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं। इससे लगभग 50 हजार लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर तैयार होंगे।
इंसेफेलाइटिस और माफियाराज को बताया पिछड़ेपन की वजह
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर और पूर्वांचल की पहचान इंसेफेलाइटिस और उद्यमियों-व्यापारियों से वसूली के लिए हो गई थी। एक तरफ मच्छर बच्चों की जान ले रहे थे तो दूसरी तरफ माफियाराज कारोबारियों को परेशान कर रहा था। इंसेफेलाइटिस से मरने वाले बच्चों में बड़ी संख्या दलित और पिछड़े वर्ग के बच्चों की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकारों में इन समस्याओं के प्रति संवेदना नहीं थी।
उन्होंने कहा कि आज सरकार ने माफियाराज पर प्रहार किया है और इंसेफेलाइटिस पर प्रभावी नियंत्रण किया है। अब किसी मां को अपने बच्चे के लिए पहले की तरह आंसू नहीं बहाने पड़ते। सरकार सुरक्षा के साथ संवेदना और जनकल्याण की जिम्मेदारी भी निभा रही है।
आस्था के स्थलों के विकास में नहीं होता भेदभाव
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत के मजबूत धरातल पर ही विकास की सशक्त नींव रखी जा सकती है। काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या धाम, विंध्यवासिनी धाम, शाकंभरी धाम, शुकतीर्थ और नैमिषारण्य समेत प्रदेश के धार्मिक स्थलों का विकास कराया जा रहा है। सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में आस्था के स्थलों के पुनरोद्धार का काम हो रहा है।
यह भी पढ़ें- 15 हजार करोड़ जमीन पर उतरा, 17 हजार करोड़ के नए एमओयू: CM योगी बोले- अब उद्योग का केंद्र बन रहा गीडा
उन्होंने कहा कि सरकार ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, संत रविदास, संत कबीरदास, महर्षि वाल्मीकि और ज्योतिबा फुले से जुड़े मंदिरों, मूर्तियों और पार्कों के सुंदरीकरण के लिए भी धनराशि दी है। प्रदेश में 4030 से अधिक स्थानों पर ऐसे कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में संस्कृति विभाग के बजट का 80 से 85 प्रतिशत हिस्सा केवल सैफई महोत्सव पर खर्च होता था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कलाश्निकोव-203 राइफल, वेब्ले स्कॉट रिवाल्वर और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। यह नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की ताकत का प्रतीक है। सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारने में विश्वास रखती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।