जागरण एजेंडा: गोरखपुर के गोलघर में बार-बार खोदाई से व्यापार ठप, पार्किंग सिमटी; जलभराव व हादसों का खतरा
गोरखपुर के गोलघर बाजार में सीएम ग्रिड योजना के तहत बार-बार हो रही खोदाई से व्यापारियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विभागीय तालमेल की कमी और निर्माण की खराब गुणवत्ता के कारण पार्किंग, जलभराव और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

सीएम ग्रिड के निर्माण में विभागीय समन्वय की कमी व गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल। जागरण
HighLights
सीएम ग्रिड योजना में बार-बार खोदाई से व्यापार प्रभावित।
विभागीय समन्वय की कमी से निर्माण कार्य में देरी।
खराब गुणवत्ता, पार्किंग समस्या, जलभराव का खतरा बढ़ा।
प्रभात कुमार पाठक, गोरखपुर। शहर के सबसे प्रमुख व्यावसायिक केंद्र गोलघर में विकास कार्य व्यापारियों और ग्राहकों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क और नाली निर्माण के नाम पर बार-बार हो रही खोदाई ने बाजार की रफ्तार थाम दी है।
पहले नाले के निर्माण के लिए सड़क खोदी गई, फिर दो-तीन महीने बाद उसी स्थान पर इलेक्ट्रिकल डक्ट बनाने के लिए खोदाई शुरू हो गई। अब पानी की पाइपलाइन डालने के लिए दोबारा सड़क खोदी जा रही है। विभागों के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। निर्माण कार्यों में देरी से जहां ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, वहीं कारोबार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
गोलघर में पहले से ही पार्किंग की समस्या गंभीर है। अब फुटपाथ निर्माण के कारण सड़क किनारे दो पहिया वाहनों के खड़े होने की जगह और कम हो गई है। कई स्थानों पर ईंटों के ब्लाक लगाकर रास्ता और पार्किंग की जगह घेर दी गई है। व्यापारियों का कहना है कि फुटपाथ ऊंचा बनाए जाने से दुकानों के सामने जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है।
बरसात में सड़क का पानी दुकानों के भीतर जाने की आशंका है। इससे व्यापारियों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। कई जगह नालियों पर अब तक स्लैब नहीं लगाए गए हैं। इससे पैदल चलने वालों के साथ दुकानदारों और ग्राहकों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
गुणवत्ता पर सवाल, ग्राहक भी परेशान
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर फुटपाथ में लगाई गई ईंटें उखड़ने लगी हैं, जबकि कुछ जगहों पर फुटपाथ धंस गया है। गणेश होटल के पास नाली का पानी ओवरफ्लो होने से स्थिति और खराब है। असमतल रास्ते और जलनिकासी की समस्या के चलते कई ग्राहक और महिलाएं गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। व्यापारियों का कहना है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
गोलघर में बार-बार सड़क खोदने से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। पहले नाली बनी, फिर इलेक्ट्रिकल डक्ट के लिए खोदाई हुई और अब पानी की लाइन के लिए सड़क खोदी जा रही है। यदि सभी विभाग आपस में समन्वय बनाकर काम करते तो एक ही बार में ये सभी कार्य पूरे हो सकते थे। निर्माण के दौरान ग्राहकों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। -निकुंज टेकड़ीवाल, किराना व्यापारी
सीएम ग्रिड के निर्माण में देरी और गुणवत्ता की कमी से गोलघर के व्यापारी परेशान हैं। फुटपाथ बनाने के कारण पहले से सीमित पार्किंग की जगह और कम हो गई है। कई जगह ईंटें निकल रही हैं और फुटपाथ धंस रहा है। नगर निगम को निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करानी चाहिए। -नितिन जायसवाल, अध्यक्ष, समस्त उद्योग व्यापार मंडल
यह भी पढ़ें- घर जाने की झंझट खत्म, अब हॉस्टल या किराये के कमरे के पते पर ही बन सकेंगे मतदाता
गोलघर शहर का प्रमुख बाजार है, जहां दूर-दराज से लोग खरीदारी करने आते हैं। सड़क किनारे पार्किंग की जगह खत्म होने से ग्राहक अपने वाहन खड़े नहीं कर पा रहे हैं। इससे दुकानों पर ग्राहकों की संख्या प्रभावित हो रही है। विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इन्हें इस तरह कराया जाना चाहिए कि व्यापार पूरी तरह बाधित न हो। -रोहित कुमार बजाज, कपड़ा कारोबारी
गोलघर में फुटपाथ की ऊंचाई, उखड़ती ईंटें से गंभीर समस्या है। कई ग्राहक गिरकर चोटिल हो चुके हैं। प्रशासन को तत्काल निर्माण की गुणवत्ता की जांच करानी चाहिए। साथ ही बाजार की पार्किंग क्षमता बढ़ाने और ई-रिक्शा के लिए पिक एंड ड्राप प्वाइंट निर्धारित करने की जरूरत है। -विवेक अग्रवाल, जिला महामंत्री, गोरखपुर उद्योग व्यापार एसोसिएशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।