घर जाने की झंझट खत्म, अब हॉस्टल या किराये के कमरे के पते पर ही बन सकेंगे मतदाता
गोरखपुर के जिलाधिकारी ने बताया कि छात्र अब अपने गृह जनपद के बजाय छात्रावास या किराये के पते पर भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को ऑनलाइन आवेदन करने और अग्रिम पंजीकरण का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया, साथ ही विशेष अभियान में प्राप्त आवेदनों की जानकारी दी।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
छात्र अब वर्तमान पते पर मतदाता बन सकते हैं।
डीएम ने छात्रों को ऑनलाइन पंजीकरण के लिए प्रेरित किया।
गोरखपुर में विशेष अभियान में हजारों आवेदन प्राप्त हुए।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पढ़ाई के लिए घर से दूर रह रहे छात्र-छात्राओं को अब मतदाता बनने के लिए अपने गृह जनपद जाने की जरूरत नहीं है। वे जिस शहर में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं, वहां अपने छात्रावास, मेस या किराये के मकान के पते पर भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करा सकते हैं।
हालांकि, एक व्यक्ति का नाम केवल एक ही पते पर मतदाता सूची में दर्ज हो सकता है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने शनिवार को सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज में विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करते हुए यह जानकारी दी।
डीएम ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है और इसके लिए मतदाता बनना उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिनकी उम्र अभी 18 वर्ष से कम है, उनके लिए अग्रिम मतदाता पंजीकरण का भी विकल्प उपलब्ध है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खुद मतदाता बनने के साथ अपने सहपाठियों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। आपस में चर्चा कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा मतदाता बनने से वंचित न रहे। डीएम ने स्पष्ट किया कि केवल स्थायी निवासी ही नहीं, बल्कि किराये पर रहने वाले विद्यार्थी भी अपने वर्तमान निवास के पते पर मतदाता बन सकते हैं।
इसके लिए माता-पिता के पते, छात्रावास अथवा मेस के पते का विकल्प भी चुना जा सकता है। जरूरी यह है कि एक ही व्यक्ति का नाम दो स्थानों की मतदाता सूची में न रहे। मतदाता पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, भारतीय पासपोर्ट तथा बिजली, पानी या गैस के बिल जैसे दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
विशेष अभियान में 13,629 आवेदन फॉर्म-6 आए
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। अभियान के दौरान फॉर्म-6 के 13,629, फॉर्म-7 के 858 और फॉर्म-8 के 4000 आवेदन आए। फॉर्म-6 नए मतदाताओं के पंजीकरण, फॉर्म-7 नाम हटाने और फॉर्म-8 मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर जनता दर्शन में सीएम योगी के सख्त निर्देश, जमीन कब्जाने वालों पर कसेगा शिकंजा
रविवार को भी एसएसआर के तहत विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। पात्र युवा और अन्य नागरिक बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या अन्य जरूरी प्रक्रिया के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।