बैंकॉक से चांदी बताकर लाया सोना निकला 24 कैरेट का गोल्ड, गोरखपुर पुलिस के खुलासे से हड़कंप
बैंकॉक से चांदी की परत चढ़ाकर तस्करी के लिए लाया गया सोना जांच में 24 कैरेट का निकला है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज कर दी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बैंकॉक से तस्करी कर लाया गया सोना 24 कैरेट निकला।
चांदी की परत चढ़ाकर सोने की तस्करी की जा रही थी।
गोरखपुर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बैंकॉक से चांदी की परत चढ़ाकर तस्करी के लिए लाया गया सोना जांच में 24 कैरेट का निकला है। कैंट पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपितों से बरामद सोने की गुणवत्ता की जांच कराई है।
सिल्वर कोटिंग होने के कारण सोने की शुद्धता को लेकर न्यायालय ने पुलिस से जानकारी मांगी थी। जांच रिपोर्ट में सोना 24 कैरेट का मिलने के बाद पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में झरकटा, गोला निवासी आशुतोष शुक्ल और गगहा क्षेत्र के हाटा बाजार निवासी सुनील मिश्रा को गिरफ्तार किया था। दोनों के कब्जे से करीब 960 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद बरामद हुए थे।
लूट की झूठी सूचना देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने सोने की तस्करी छिपाने और जांच को भटकाने के लिए 22 नवंबर को लूट की झूठी सूचना दी थी। बाद में जांच में मामला खुला तो पुलिस ने दोनों को मोहद्दीपुर के पास से पकड़ लिया।
जांच में सामने आया कि बैंकॉक में रहने वाले दीपक तिवारी और उसका भाई मुकेश तिवारी इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। आशुतोष उनके लिए काम करता था, जबकि सुनील रिश्ते में दीपक का साला है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के लोग सोने पर चांदी की परत चढ़ाकर उसे चांदी के आभूषण की तरह दिखाते थे, ताकि जांच के दौरान सोने की पहचान न हो सके।
सुरक्षा जांच पर भी उठे सवाल
आशुतोष 22 नवंबर को बैंकॉक से कोलकाता होते हुए गोरखपुर पहुंचा था। यहां उसे सोना बेचने की योजना थी। पुलिस की जांच में बैंकॉक से कोलकाता तक सोना पहुंचने की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में है।
शुरुआती पड़ताल में बैंकॉक एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच से जुड़े अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। आशंका है कि मानकों की अनदेखी कर सोना विमान तक पहुंचाया गया। हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोना किस रास्ते और किन लोगों की मदद से भारत लाया गया। कैंट थाना पुलिस सोना खरीदने के आरोपित सर्राफ समेत छह अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
सोने की खरीद-बिक्री में गोरखपुर के घंटाघर स्थित सराफा कारोबारी की भूमिका सामने आयी है। वहीं, तस्करी और सीमा शुल्क से जुड़े पहलुओं की पड़ताल राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) कर रहा है। सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका स्पष्ट की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।