विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक गुलाब से शुरू हुआ सफर, अब 122 प्रजातियों से महक रहा सिद्धार्थनगर का सरकारी स्कूल

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:59 PM (IST)

सिद्धार्थनगर के इटवा तहसील के प्राथमिक विद्यालय झकहिया में प्रधानाध्यापक संजय गुप्ता ने एक गुलाब के पौधे से 122 प्रजातियों का सुंदर बगीचा तैयार किया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. एक गुलाब से शुरू हुई 122 प्रजातियों की बगिया।

  2. प्रधानाध्यापक संजय गुप्ता ने की बागवानी की अनूठी पहल।

  3. बच्चों में बढ़ा पर्यावरण प्रेम और श्रम का सम्मान।

प्रशांत सिंह, सिद्धार्थनगर। इटवा तहसील के प्राथमिक विद्यालय झकहिया में एक छोटे पौधे से शुरू हुई पहल अब 122 प्रजातियों के गुलाबों से सजी बगिया बन चुकी है। वर्ष 2021 में प्रधानाध्यापक संजय गुप्ता ने विद्यालय परिसर में देसी प्रजाति का लाल गुलाब लगाया और बागवानी की शुरुआत की।

इसके बाद बच्चों की रुचि भी बढ़ी। कक्षा पांच की छात्रा रोशनी ने तीन वर्ष पूर्व गुलाब का पौधा लगाया। फिर सीमा निषाद, रागिनी, राकी, संदीप साहनी, अरबाज और रवि निषाद समेत अन्य विद्यार्थी भी इस प्रयास से जुड़ गए।

बगिया में स्थानीय प्रजातियों के साथ पश्चिम बंगाल से मंगाए गए गुलाब भी हैं। यहां लव रोज, पीच अवालांचे, स्वीट अवालांचे, कैलीफोर्निया ड्रीम, डीए रोज 30, जालेश्वरी, अरुणिमा रोज, जोश फ्लोरीबांडा रोज, ड्रीम कम ट्रू रोज, यलो पेजेज, राकस्टार रोज, डच रोज और मोनिका बेलयूसी समेत 122 प्रजातियों के पौधे लगे हैं।

इनके अलावा गेंदा की चार और अड़हुल की पांच प्रजातियां भी परिसर की शोभा बढ़ा रही हैं। अलग-अलग रंग और आकार के फूल बच्चों और ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित करते हैं।

बीएचयू के प्लांट बायोटेक्नोलॉजी विभाग से परास्नातक प्रधानाध्यापक संजय गुप्ता विद्यार्थियों को पौधों की प्रजातियों, उनकी विशेषताओं और देखभाल की जानकारी देते हैं।

विद्यालय में नामांकित 145 छात्र-छात्राएं सुबह और शाम पौधों की देखभाल करते हैं। वे करीब एक घंटे तक क्यारियों की निराई-गुड़ाई और बागवानी में जुटते हैं। इससे उनमें श्रम के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति लगाव बढ़ रहा है।

बगिया ने त्योहार मनाने का तरीका भी बदला है। अब बच्चे रंगों से रंगोली बनाने के बजाय क्यारियों में खिले फूलों से रंगोली सजाते हैं। विद्यालय परिवार ग्रामीणों को घरों में पौधे लगाने, स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित करता है। यह पहल आसपास के लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है।

प्रधानाध्यापक और विद्यार्थियों का यह प्रयास सराहनीय है। इससे बच्चों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। अन्य विद्यालयों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए। -शैलेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।