गोरखपुर से दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज व कानपुर के लिए चलेंगी 100 अतिरिक्त बसें
रक्षाबंधन पर गोरखपुर परिक्षेत्र से 100 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। यह बसें गोरखपुर से प्रयागराज वाराणसी कानपुर और दिल्ली के अलावा लोकल रूट पर भी चलाई जाएंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी के अनुसार रक्षा बंधन पर्व को लेकर लगभग तैयारी पूरी कर ली गई है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। रक्षाबंधन पर्व पर रविवार को महिलाओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए गोरखपुर परिक्षेत्र से 100 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। यह बसें गोरखपुर से प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर और दिल्ली के अलावा लोकल रूट पर भी चलाई जाएंगी। महिलाएं पर्व के दिन रात 12 बजे तक रोडवेज की साधारण और वातानुकूलित किसी भी बस के माध्यम से प्रदेश में कहीं भी यात्रा कर सकती हैं। परिवहन निगम ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है।
साधारण सहित 40 एसी बसें भी तैयार, रात 12 बजे तक महिलाओं को मिलेगी निश्शुल्क यात्रा की सुविधा
गोरखपुर परिक्षेत्र में लगभग 700 बसें चलती हैं, जिसमें राप्तीनगर डिपो की 40 वातानुकूलित बसें भी हैं। रक्षा बंधन पर्व पर यह सभी बसें चलेंगी। हालांकि, राप्तीनगर की 12 बसें अभी भी वातानुकूलन कार्य नहीं करने के चलते डिपो में खड़ी हैं।
डिपो में खड़ी बसों को भी संचालित करने की प्रक्रिया शुरू
निगम प्रशासन ने डिपो में खड़ी बसों को भी संचालित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी के अनुसार रक्षा बंधन पर्व को लेकर लगभग तैयारी पूरी कर ली गई है। समस्त अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित कर दिया गया है। प्रयास रहेगा कि यात्रियों विशेषकर महिलाओं को कोई असुविधा न हो। इस दौरान परिचालक महिला यात्रियों से किराया नहीं लेंगे। उन्हें बिना किसी मूल्य का टिकट उपलब्ध कराएंगे।
24 को होने वाली परीक्षा के लिए तैयार हो रहीं 500 बसें
24 अगस्त को अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की परीक्षा होनी है। गोरखपुर और बस्ती मंडल में लगभग डेढ लाख परीक्षार्थियों के पहुंचने का अनुमान है। शासन के दिशा-निर्देश पर परिवहन निगम ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए 500 बसों की व्यवस्था कर रहा है। निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार यह सभी बसें गोरखपुर परिक्षेत्र के विभिन्न रूटों (गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, तमकुही, सलेमपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज आदि) पर चलाई जाएंगी। संबंधित लोगों आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है।