स्नातक MLC चुनाव के लिए एक अक्टूबर से शुरू होगा मतदाता सूची बनाने का काम, 30 दिसंबर को होगा अंतिम प्रकाशन
गोरखपुर- फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लिए मंडल के 17 जिलों में मतदाता बनाने का काम एक अक्टूबर से शुरू होगा। वहीं 30 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। MLC Elections: गोरखपुर- फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य (MLC) के लिए चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। एक अक्टूबर से मतदाता सूची (Voter List) तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा और 30 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन भी हो जाएगा। निर्वाचन कार्यालय से तैयारियां तेज होने के साथ ही संभावित दावेदारों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। उनकी ओर से अधिक से अधिक मतदाता बनाने के लिए स्नातकों में फार्म का वितरण किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए तैयारियां भी जांची।
17 जिलों में मतदान करेंगे मतदाता
गोरखपुर- फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत गोरखपुर, बस्ती, आजमगढ़, फैजाबाद और देवीपाटन मंडल के 17 जिलों के स्नातक मतदाता मतदान करते हैं। इस बार एक नवंबर 2022 से तीन साल पूर्व तक स्नातक की डिग्री हासिल करने वाले लोग मतदाता बन सकेंगे। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची तैयार करने के लिए एक अक्टूबर 2022 को नोटिफिकेशन जारी होगा। सात नवंबर 2022 तक मतदाता बनने के लिए आवेदन पत्र जमा किया जा सकेगा। 19 नवंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा और 23 नवंबर को इसका प्रकाशन हो जाएगा।
नौ दिसमबर तक आमंत्रित की जाएंगी आपत्तियां
नौ दिसंबर तक आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी और उसका निस्तारण किया जाएगा। 30 दिसंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। गोरखपुर के मंडलायुक्त इस चुनाव के लिए रिटर्निंग आफिसर बनाए गए हैं। इस बार फार्म 18 में परिवर्तन भी किया गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी जेएन मौर्य ने बताया कि एक अक्टूबर से मतदाता सूची बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
इन जिलों से बनाए जाएंगे मतदाता
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक क्षेत्र में बहराईच, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अमेठी, अयोध्या, कुशीनगर, आंबेडकरनगर, श्रावस्ती, बलरामपुर और संतकबीरनगर जिले शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।