विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनीष गुप्ता हत्याकांड: गोरखपुर में पुलिस पिटाई से मौत, CBI को सौंपी गई थी जांच

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:28 AM (IST)

गोरखपुर में 2021 के मनीष गुप्ता हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था, जहां होटल में पुलिस की पिटाई से उनकी मौत हो गई थी। मामले ने तूल पकड़ा और सीबीआई जांच सौंपी गई, जिसमें पुलिसकर्मियों पर आरोप लगे और उनकी पत्नी आज भी न्याय के लिए संघर्ष कर रही हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मनीष गुप्ता की 2021 में पुलिस पिटाई से मौत हुई।

  2. घटना के बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई।

  3. पत्नी मीनाक्षी गुप्ता आज भी न्याय के लिए लड़ रही हैं।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। तारामंडल स्थित होटल में कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत ने पांच साल पहले पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। 27 सितंबर 2021 की रात होटल में पुलिस की पिटाई से उनकी मृत्यु होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे।

घटना ने इतना तूल पकड़ा कि मामले की जांच सीबीआइ को सौंपनी पड़ी। आज भी रामगढ़ताल थाने में खड़ी पुलिस की वह जीप इस घटना की याद दिलाती है, जिससे मनीष को पहले निजी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया था।

मनीष गुप्ता अपने दोस्तों के साथ गोरखपुर आए थे और तारामंडल स्थित होटल में ठहरे थे। 27 सितंबर 2021 की रात रामगढ़ताल थाने की पुलिस होटल में जांच के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और मनीष के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद परिवार ने पुलिसकर्मियों पर हत्या का आरोप लगाया था। घटना के बाद मनीष गुप्ता की पत्नी मीनाक्षी गुप्ता ने दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। मामला प्रदेशभर में चर्चा का विषय बन गया। बढ़ते दबाव और परिवार की मांग के बाद सरकार ने जांच सीबीआइ को सौंपने का निर्णय लिया। बाद में सीबीआइ ने मामले की विवेचना कर तत्कालीन थानेदार जगत नारायण सिंह सहित छह पुलिसकर्मियों को आरोपित बनाया।

हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद कानपुर पुलिस की एसआइटी ने 10 अक्टूबर 2021 को रामगढ़ताल क्षेत्र से तत्कालीन थाना प्रभारी जगत नारायण सिंह और दारोगा अक्षय मिश्रा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद छह दिन के भीतर अन्य आरोपित पुलिसकर्मियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में जगत नारायण सिंह पर हत्या का आरोप तय हुआ, जबकि अन्य पांच पुलिसकर्मियों के विरुद्ध साक्ष्य मिटाने, मारपीट और धमकी देने सहित अन्य धाराओं में विचारण चल रहा है।

थाने में खड़ी है अस्पताल ले जाने वाली जीप :
घटना से जुड़ी पुलिस की जीप आज भी रामगढ़ताल थाने में खड़ी है। इसी वाहन से मनीष गुप्ता को पहले निजी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। घटना के बाद इस जीप और उस रात पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे थे। समय बीतने के बावजूद थाने में खड़ा यह वाहन उस घटना की याद दिलाता है, जिसने पुलिस महकमे को कठघरे में खड़ा कर दिया था।

मेरी जिंदगी बर्बाद हो गई, न्याय के लिए लड़ती रहूंगी
मनीष गुप्ता की पत्नी मीनाक्षी गुप्ता ने अदालत के आदेश पर कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। उन्होंने कहा कि पति की हत्या के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बर्बाद हो गई। इस घटना ने उनसे सब कुछ छीन लिया, लेकिन वह हार मानने वाली नहीं हैं। सच्चाई सामने लाने और न्याय पाने के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। अदालत से मिली राहत पर वह कुछ नहीं कहना चाहतीं, लेकिन अपने पति को न्याय दिलाने का प्रयास करती रहेंगी।

कब क्या हुआ :

  • 27 सितंबर 2021: होटल कृष्णा पैलेस में पुलिसकर्मियों ने मनीष की पीटकर हत्या कर दी।
  • 28 सितंबर 2021: हत्या का आरोप लगने पर एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित किया।
  • 29 सितंबर 2021: मीनाक्षी की तहरीर पर तीन नामजद समेत छह पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज हुआ।
  • 29 सितंबर 2021: मुकदमा दर्ज होने पर देर शाम स्वजन शव लेकर कानपुर पहुंचे।
  • 30 सितंबर 2021: प्रशासन के आश्वासन पर मनीष गुप्ता का अंतिम संस्कार किया गया।
  • 02 अक्टूबर 2021: कानपुर पुलिस की एसआइटी मामले की जांच करने गोरखपुर पहुंची।
  • 10 अक्टूबर 2021: रामगढ़ताल पुलिस ने हत्यारोपित इंस्पेक्टर जेएन सिंह व दारोगा अक्षय मिश्रा को पकड़ा।
  • 12 अक्टूबर 2021: दारोगा राहुल दुबे आरक्षी प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया।
  • 13 अक्टूबर 2021: मुख्य आरक्षी कमलेश यादव को कैंट पुलिस ने पकड़ा।
  • 16 अक्टूबर 2021: कैंट पुलिस ने छठे आरोपित दारोगा विजय यादव को गिरफ्तार किया।
  • 02 नंबवर 2021: सीबीआइ ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
  • 07 जनवरी 2022: सीबीआइ ने लखनऊ की विशेष कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया
  • 09 जनवरी 2023: सीबीआइ कोर्ट ने हत्यारोपित पुलिसकर्मियों पर आरोप तय किए।
  • 10 जनवरी 2023: पांच आरोपित पुलिसकर्मी जमानत पर जेल से रिहा हुए।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर की पराग डेयरी: दूध की शुद्धता का प्रतीक, स्वर्णिम विरासत हासिल करने की उम्मीद

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में बैंकॉक से सोने की तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; लूट की सूचना देकर रची गई थी साजिश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।