विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में बैंकॉक से सोने की तस्करी का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; लूट की सूचना देकर रची गई थी साजिश

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:29 PM (IST)

गोरखपुर पुलिस ने बैंकॉक से सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। 

सोना तस्करी में पकड़े गए आरोपी। जागरण

सोना तस्करी में पकड़े गए आरोपी। जागरण 

HighLights

  1. बैंकॉक से सोने की तस्करी में दो आरोपी गिरफ्तार।

  2. झूठी लूट की सूचना देकर सोना हड़पने की साजिश।

  3. 1.30 करोड़ का सोना, 2 लाख नकद बरामद।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बैंकॉक से सोने की तस्करी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 960 ग्राम सोना और दो लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद सोने की कीमत लगभग 1.30 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

आरोपितों ने तस्करी के सोने को हड़पने के लिए 22 नवंबर को छात्रसंघ चौराहे पर अपने साथ लूट होने की झूठी सूचना दी थी। पुलिस की जांच में पूरा मामला खुल गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोला थाना क्षेत्र के झरकटा निवासी आशुतोष शुक्ला और गगहा के हाटा बाजार निवासी सुनील मिश्रा के रूप में हुई है।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बुधवार दोपहर पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपितों को मंगलवार की देर रात मोहद्दीपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। इनके पास से सोने की दो चेन, एक कड़ा और दो लाख रुपये नकद मिले।

पूछताछ के आधार पर कैंट पुलिस ने बुधवार को दस लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें आशुतोष शुक्ला और सुनील मिश्रा के अलावा अजय यादव, दीपक तिवारी, कृष्णकांत, चंदन तिवारी, आयुष उर्फ निखिल और प्रियांशु त्रिपाठी के नाम शामिल हैं। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

पूछताछ में आशुतोष और सुनील ने बताया कि बांसगांव के मुखलिसपुर निवासी दीपक तिवारी सोने की तस्करी कराता है। वह अपने भाई मुकेश तिवारी के साथ लखनऊ में रहता है। गिरोह के कई लोग उसके लिए काम करते हैं।

आशुतोष के मुताबिक, 22 नवंबर 2026 को वह अपने सहयोगी अजय यादव के साथ दीपक तिवारी का सोना लेकर कोलकाता से गोरखपुर आया था। उसके पास सोने की दो चेन और एक कड़ा था। गोरखपुर पहुंचने के बाद उसे छात्रसंघ चौराहे से घंटाघर जाना था, जहां सोना बेचने की तैयारी थी। छात्रसंघ चौराहे पर पुलिसकर्मियों को देखकर उसने अपने साथ लूट होने की झूठी सूचना दे दी।

पुलिस उसकी बात पर भरोसा कर जांच-पड़ताल में जुट गई। इसी बीच उसने पूरा सोना अजय यादव को दे दिया और मौके से हट गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए ही लूट की कहानी गढ़ी गई थी, ताकि सोने को ठिकाने लगाया जा सके।

आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि 24 नवंबर को वे चेन और कड़ा बेचने के लिए घंटाघर गए थे, लेकिन मंगलवार को बाजार बंद होने के कारण सौदा नहीं हो सका। दोनों प्रयाग बुलियन ट्रेडर्स पहुंचे थे। दुकान बंद थी, लेकिन वहां मालिक से मुलाकात हो गई। सोना देखने के बाद उन्होंने दो लाख रुपये दिए थे। दोनों ने एक-एक लाख रुपये आपस में बांट लिए थे।

आरोपितों के मुताबिक, बाजार खुलने पर सोने की शेष कीमत देने की बात कही गई थी। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, सोने की तस्करी के रास्ते और खरीद-बिक्री में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- सोना तस्करी हो या 1.5 करोड़ के पुराने नोट... मुरादाबाद पुलिस ने बड़े-बड़े केस तो पकड़े, लेकिन नहीं बेनकाब हुए असली 'सरगना'!

यह भी पढ़ें- कन्नौज सोना तस्करी: 20 दिन बाद भी अभिषेक और रियाज गिरफ्त से दूर, तस्करी की कड़ियां उलझीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।