गोरखपुर की पराग डेयरी: दूध की शुद्धता का प्रतीक, स्वर्णिम विरासत हासिल करने की उम्मीद
गोरखपुर की पराग डेयरी, जो कभी शुद्ध दूध का प्रतीक थी, अब अपनी स्वर्णिम विरासत को फिर से हासिल करने की उम्मीद में है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
पराग डेयरी अपनी पुरानी शुद्धता और गुणवत्ता की पहचान लौटेगी।
अयोध्या से दूध आपूर्ति जारी, पुनरुद्धार के प्रयास तेज।
मदर डेयरी परिसर में एक लाख लीटर दूध पैकेजिंग कर रही।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर एक बार फिर उस विरासत की चर्चा हो रही है, जिसने गोरखपुर को शुद्ध दूध की पहचान दी थी। एक समय था जब उत्तर प्रदेश में दूध उत्पादन के क्षेत्र में पराग डेयरी के नाम का डंका बजा करता था। शुद्धता और गुणवत्ता के लिए पराग का दूध लेने को लोग दूर-दूर से आते थे, काउंटर पर भीड़ लगती थी।
पिपरौली ब्लाक के हरैया में 1964 में स्थापित पराग डेयरी ने 59 दुग्ध समितियों और 20,000 लीटर उत्पादन क्षमता के साथ शुरुआत की थी। 2019 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से प्लांट की उत्पादन क्षमता बढ़ाई गई। इसी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प ही इस दुग्ध दिवस की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
अयोध्या से आ रही है आपूर्ति, व्यवस्था बरकरार
पराग डेयरी के जीएम अनिल कुमार सिंह ने बताया कि 1800 से 2000 लीटर दूध पैकेजिंग होकर अयोध्या से आ रहा है। इसके साथ ही देना बीर पेड़ा, पनीर, दही भी अयोध्या से मंगाया जा रहा है। बीआरडी मेडिकल कालेज को रोज 600 लीटर दूध की आपूर्ति जारी है। उन्होंने कहा कि डेयरी बंद नहीं हुई है, प्रयास चल रहे हैं, जल्द ही प्लांट फिर से चालू किया जाएगा।
रफ्तार से चल रहा मदर डेयरी का काम
पराग डेयरी के कैंपस में ही संचालित मदर डेयरी में आज भी काम पूरी रफ्तार से चल रहा है। मदर डेयरी के जीएम मुकेश झा ने बताया कि प्लांट में एक लाख लीटर दूध की पैकेजिंग हो रही है, घी भी बन रहा है। यह इस बात का प्रमाण है कि हरैया का यह परिसर आज भी दूध उत्पादन का बड़ा केंद्र बना हुआ है।
किसानों के लिए नई उम्मीद
दुग्ध दिवस का संदेश यही है कि किसान और डेयरी फिर से एक-दूसरे से जुड़ें। प्रबंधन का मानना है कि किसानों का भरोसा लौटते ही पराग एक बार फिर अपनी पुरानी पहचान हासिल करेगा।
क्यों मनाया जाता है राष्ट्रीय दुग्ध दिवस?
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस हर साल 26 नवंबर को श्वेत क्रांति के जनक डा. वर्गीज कुरियन की जयंती पर मनाया जाता है। उनका मकसद था कि देश का हर किसान दूध उत्पादन से आत्मनिर्भर बने और उपभोक्ता को शुद्ध दूध मिले।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।