Gorakhpur संस्थापक सप्ताह समारोह में लोकसभा अध्यक्ष बोले, देश को विकसित करने में युवाओं की भूमिका अहम
महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के संस्थापक सप्ताह समारोह के मुख्य महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं में नया करने की सोच है। ऐसे में भारत को विक ...और पढ़ें

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि देश को विकसित करने में युवाओं की भूमिका अहम है। यह तभी संभव है जब लोकतांत्रिक मूल्यों को संरक्षित रखते हुए उन्हें संस्कारवान और मौजूदा दौर के हिसाब से शिक्षा व्यवस्था दी जाए।
गोरक्षपीठ की परंपरा को आगे बढ़ा रहे सीएम योगी
लोक सभा अध्यक्ष शनिवार को महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के सात दिवसीय संस्थापन सप्ताह समारोह के मुख्य महोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोरक्षपीठ की परंपरा को कठिन परिश्रम के साथ योगी आदित्यनाथ आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। मुगल शासकों के आक्रमण से बचाने का काम ऐसे पीठ और मंदिरों ने किया है।
मदन मोहन मालवीय के विचारों का किया जिक्र
उन्होंने मदन मोहन मालवीय के विचारों का भी जिक्र किया। महंत दिग्विजय नाथ की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि महंत जी ने सोचा था कि आजादी के साथ ऐसी शिक्षा व्यवस्था बनाई जाए जिससे समाज को आगे ले जाया जाए। यही वजह है कि 1932 में उन्होंने महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद का गठन किया। महंत जी ने मेवाड़ के सपूत महाराणा प्रताप के जीवन आदर्श को अपनाया जिन्होंने देश की अस्मिता की रक्षा के लिए अपने अद्भुत पराक्रम को दर्शाया।
विकसित राष्ट्र बनाने में नवजवानों को मिले मार्गदर्शन
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद इस देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने में नवजवानों को मार्गदर्शन मिले यह कोशिश होनी चाहिए। महंत दिग्विजय ने शिक्षा के हर क्षेत्र में काम करने का जो सपना देखा था वह आज 52 संस्थाओं जिसमें कॉलेज, नर्सिंग, मेडिकल और यूनिवर्सिटी के रूप में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में नौजवानों की भूमिका अहम हो सकती है जिनमें नया करने की सोच है।
जिस देश- प्रदेश में शांति होती है वहां प्रगति होती है
ओम बिरला ने कहा की स्वामी विवेकानंद जी, मालवीय जी और महंत दिग्विजय नाथ सभी ने युवाओं का मार्गदर्शन किया है। उन्होंने कहा की इस परिषद के अंतर्गत जो प्रतियोगिता होती है उसमें समग्र विषय शामिल होता है। जिसके विजेताओं को बधाई देता हूं। बिरला ने कहा की यूपी ऐसा राज्य है जहां की वैभव पूर्ण संस्कृति, यहां के परिश्रमी लोग और आजादी की गाथा मिसाल है। मौजूदा समय में यह योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शांति, कानून व्यवस्था सब बेहतर है। समता मूलक समाज का यहां निर्माण होता है। जिस देश- प्रदेश में शांति होती है वहां प्रगति होती है, उद्योगों की स्थापना होता है, जैसा यूपी में आज देखने को मिलता है। पहले यहां से लोग पलायन करके रोजगार के लिए जाते थे चाहे वह जगह राजस्थान हो या महाराष्ट्र का। कोरोना की महामारी के दौरान सीएम योगी ने कुशल प्रबंधन किया और खुद अस्पतालों तक गए लोगों का हाल जाना।
कृषि क्षेत्र में आए अद्भुत विकास
उन्होंने कहा की देश आज जी- 20 की अध्यक्षता कर रहा है। हमारी कोशिश होनी चहिए कि कृषि क्षेत्र में अद्भुत विकास और उन्नत तकनीक आए। बिरला ने कहा की यूपी लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना करते हुए आगे बढ़ें जिससे सभी का लाभ हो और यूपी देश का अग्रणी राज्य बने ऐसी शुभकामनाएं देता हूं। आप इंतजार करिए एक दिन यूपी दुनिया का उन्नत प्रदेश होगा। कानून का राज होगा। शांति और रोजगार यहां भरपूर मिला।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।