गोरखपुर में कामधेनु स्वीट्स के कारखाने में गंदगी, बिना लाइसेंस चल रहा था कारोबार
गोरखपुर में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने कामधेनु स्वीट्स के कारखाने पर छापा मारा, जहां गंदगी और बिना ...और पढ़ें

खजनी में 150 किलो बूंदी सीज और 60 किलो रसगुल्ला कराया नष्ट। जागरण
HighLights
कामधेनु स्वीट्स कारखाने में गंदगी, बिना लाइसेंस कारोबार मिला।
खाद्य सुरक्षा टीम ने 17 नमूने लिए, 20 नोटिस जारी किए।
150 किलो बूंदी सीज, 60 किलो मक्खी लगे रसगुल्ले नष्ट।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीपावली पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट और गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ तैयार करने का खेल भी सामने आने लगा है। धर्मशाला बाजार स्थित कामधेनु स्वीट्स के कारखाने में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को गंदगी, टूटी दीवारें और कूड़े का ढेर मिला। हैरानी की बात यह रही कि प्रतिष्ठान के पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस भी नहीं था।
टीम ने यहां से 17 नमूने लिए और अनियमितताओं पर 20 सुधार नोटिस जारी किए। उधर, जिले के अन्य इलाकों में हुई छापेमारी में 150 किलोग्राम संदिग्ध बूंदी सीज की गई, जबकि मक्खियों से भरे 60 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट कराए गए।
''शुद्ध ही शुभ है'' अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने शनिवार को दीपावली के मद्देनजर पिपराइच, खजनी और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की राज्य स्तरीय टीम को जांच में कामधेनु स्वीट्स के कारखाने में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली।
परिसर में कूड़ा जमा था और दीवारें टूटी हुई थीं। खाद्य कारोबार का लाइसेंस नहीं मिलने पर विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। कारखाने से 17 नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों और स्वच्छता संबंधी कमियों को दूर करने के लिए 20 सुधार नोटिस जारी किए गए।
खजनी में बूंदी सीज, रसगुल्ला नष्ट
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुधीर राय के नेतृत्व में जिला स्तरीय टीम ने खजनी के लघु गृह उद्योग एवं नमकीन भंडार से बूंदी का नमूना लिया। मौके पर गुणवत्ता संदिग्ध मिलने पर करीब 20 हजार रुपये मूल्य की 150 किलोग्राम बूंदी सीज कर दी गई। वहीं, खजनी के बिहारी मिष्ठान भंडार में निरीक्षण के दौरान 60 किलोग्राम रसगुल्ला खराब और मानव उपभोग के लिए असुरक्षित प्रतीत हुआ। रसगुल्लों में मक्खियां भिनभिना रही थीं। टीम ने मौके पर ही इसे नष्ट करा दिया।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में आज से धान खरीद शुरू, किसानों को मिलेगा 2461 रुपये प्रति क्विंटल का भाव
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय नंद सिंह की टीम ने मिर्जापुर स्थित बाबा चैन सिंह मंदिर के पास रामेश्वर पापड़ी एंड चिक्की (रामेश्वर स्वीट्स) से रिफाइंड पामोलिन तेल का नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतिभा ने छैना मिठाई और पनीर के नमूने संग्रहित किए, जबकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी आभा की टीम ने मिर्जापुर क्षेत्र से खुरमा का नमूना लिया। इसके अलावा खोया और बूंदी के नमूने भी लिए गए। इस तरह अभियान में कुल सात नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सभी नमूने खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। दीपावली तक मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
-डा. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं अभिहित अधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।