काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष 2026-27, 19 दिसंबर से शुरू होगा राष्ट्रव्यापी अभियान
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों की स्मृति में 19 दिसंबर 2026 से 'काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष' मनाया जाएगा। ...और पढ़ें

HighLights
100 वर्ष पूरे होने पर 'काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष' मनाया जाएगा।
अभियान 19 दिसंबर 2026 से 19 दिसंबर 2027 तक चलेगा।
नई पीढ़ी को क्रांतिकारियों के त्याग और राष्ट्रनिष्ठा से परिचित कराना उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के स्वर्णिम अध्याय काकोरी ट्रेन कार्रवाई के चार अमर बलिदानियों के बलिदान के 100 वर्ष पूरे होने पर 19 दिसंबर 2026 से 19 दिसंबर 2027 तक राष्ट्रव्यापी 'काकोरी शताब्दी बलिदान स्मृति वर्ष' मनाया जाएगा। गुरुकृपा संस्थान एवं अखिल भारतीय क्रांतिकारी सम्मान संघर्ष मोर्चा द्वारा आयोजित इस अभियान का ध्येय वाक्य होगा - क्रांति अमर रहे, बलिदान से प्रेरणा - राष्ट्र की साधना।
अभियान के मुख्य संयोजक व भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री बृजेश राम त्रिपाठी ने बताया कि 9 अगस्त 1925 की काकोरी कार्रवाई ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। 19 दिसंबर 1927 को पंडित राम प्रसाद बिस्मिल ने गोरखपुर जेल, अशफ़ाक उल्ला ख़ाँ ने फैजाबाद जेल और ठाकुर रोशन सिंह ने नैनी जेल में बलिदान दिया था।
वहीं राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को 17 दिसंबर 1927 को गोंडा जेल में फांसी दी गई थी।उन्होंने बताया कि बिस्मिल बलिदानी मेला समिति वर्ष 2010 से लगातार बलिदानी मेले का आयोजन कर रही है। अब इसी परंपरा को विस्तार देते हुए शताब्दी वर्ष को राष्ट्रीय जन-जागरण अभियान के रूप में मनाया जाएगा। प्रमुख आयोजन एक वर्षीय अभियान में देश के 100 प्रमुख स्थानों पर मशाल प्रज्वलन एवं क्रांति संकल्प, विशाल तिरंगा यात्रा, यूपी के सभी 75 जनपदों में स्मृति कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेजों में विचार गोष्ठियां व क्रांति शपथ, चित्र प्रदर्शनी, खेल महोत्सव, रक्तदान शिविर, पौधरोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में आतिशबाजी के डर से उड़ा पालतू तोता, अब दो बहनों की पुकार...'नादान परिंदे घर आ जा'
17 दिसंबर 2027 को लाहिड़ी बलिदान दिवस और 19 दिसंबर 2027 को तीनों बलिदानियों के बलिदान दिवस पर शताब्दी वर्ष का समापन होगा। कहा कि अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को क्रांतिकारियों के त्याग और राष्ट्रनिष्ठा से परिचित कराना है। बिस्मिल और अशफ़ाक की मित्रता भारतीय समाज की एकता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने सभी संगठनों, युवाओं और नागरिकों से अभियान में सहभागिता का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।